लखीमपुर के बाद अब अंबाला में BJP सांसद ने किसानों पर चढ़ाई गाड़ी, किसानों में आक्रोश
अंबाला में प्रदर्शन कर रहे किसानों का आरोप, बीजेपी सांसद के काफिले ने किसान पर चढ़ाई गाड़ी, एक किसान की हालत गंभीर, कांग्रेस बोली- क्या भाजपाई पागल हो चुके हैं

अंबाला। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में किसानों को बर्बर तरीके से रौंदने का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा है कि हरियाणा के अंबाला से एक विचलित करने वाली खबर सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि अंबाला में भी लखीमपुर की घटना की तरह ही बीजेपी सांसद ने प्रदर्शन कर रहे किसानों पर गाड़ी चढ़ा दी है।
अंबाला की इस घटना को लेकर कांग्रेस ने पूछा है कि आखिर ये लोग चाहते क्या हैं। यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बी वी ने कहा है कि क्या ये भाजपाई पागल हो चुके हैं?
क्या भाजपाई पागल हो चुके है?
— Srinivas BV (@srinivasiyc) October 7, 2021
कुरुक्षेत्र से BJP सांसद नायब सैनी के क़ाफ़िले ने अंबाला के नारायणगढ़ में विरोध कर रहे किसान पर चढ़ाई गाड़ी, गंभीर हालत में अस्पताल में कराया गया भर्ती । pic.twitter.com/VuyUSfyxYw
जानकारी के मुताबिक अंबाला जिले के नारायणगढ़ में केंद्र सरकार द्वारा लागू विवादास्पद कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। इस दौरान सैंकड़ों की संख्या में किसान घटनास्थल पर मौजूद थे। इसी दौरान स्थानीय बीजेपी सांसद नायब सैनी का काफिला उधर से गुजर रहा था। किसानों का आरोप है कि सांसद के काफिले की गाड़ियों ने उन्हें कुचलने की कोशिश की। इस दौरान एक किसान गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
पहले लखीमपुर खीरी और अब अंबाला, भाजपा नेताओं के काफिले की गाड़ी किसानों के ऊपर चढ़ाई गई है। आखिर चाहते क्या हैं ये लोग? pic.twitter.com/ACzOJ79Elp
— Congress (@INCIndia) October 7, 2021
बताया जा रहा है कि घायल किसान को वहां मौजूद लोग तत्काल अस्पताल लेकर गए जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। इसके अलावा कुछ और किसानों को थोड़ी चोटें आई है। किसानों के मुताबिक लखीमपुर की घटना से सबक लेकर वे पहले से चौकन्ने थे, इस वजह से आज कई किसानों की जान बच पाई। बहरहाल इस घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल बन गया है। वहीं सोशल मीडिया पर लोग केंद्र और राज्य के बीजेपी सरकारों की जमकर आलोचना कर रहे हैं।