देश के इस राज्य में दिसंबर की गर्मी ने 17 साल का रिकॉर्ड तोड़ा

देश का एक ऐसा इलाक़ा जहां दिसंबर में भी दिन की गर्मी और रात को बढ़ती उमस से लोग परेशान हैं

Updated: Dec 05, 2020, 11:44 PM IST

Photo Courtesy: Zee News
Photo Courtesy: Zee News

चुरू। देश में सर्दी का कहर बढ़ना शुरू हो गया है, लोग घरों से बाहर निकलने से कताराने लगे हैं। लेकिन अगर हम कहे कि देश में एक जगह ऐसी है जहां गर्मी ने पिछले 17 सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है तो शायद आपको विश्वास ना हो, मगर यह सच है। राजस्थान में गर्मी का प्रकोप अभी भी देखने को मिल रहा है। दिसंबर के महीने में भी यहां रिकॉर्डतोड़ गर्मी पड़ रही है।

मौसम विभाग के मुताबिक, राजस्थान के चुरू में शुक्रवार को सबसे ज्यादा गर्म दिन रहा। यहां तापमान 36.6 डिग्री दर्ज किया गया। जो पिछले 17 सालों में सबसे अधिक है। इससे पहले 2003 में दिसंबर के महीने में 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। बता दें कि दिन में गर्मी और रात को बढ़ती उमस प्रदेशवासियों को जून के महीने का एहसास दिला रही है। जबकि यह मौसम दिसंबर की कंपकंपा देने वाली सर्दी का है। बीते 1 सप्ताह से लगातार दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।

दिन के तापमान में जहां 6 से 7 डिग्री की बढ़ोतरी देखने को मिल रही है, तो वहीं रात का तापमान में 3 से 4 डिग्री तक बढ़ा है। राज्य में इस वक्त तापमान औसत से तकरीबन 4 से 5 डिग्री ज्यादा बढ़ गया है। तो वहीं रात के तापमान में भी औसत से करीब 2 डिग्री ज्यादा बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।

प्रदेश में दिसंबर के महीने में भी चिलचिलाती धूप से बचने के लिए लोग छांव की तलाश में इधर-उधर भागने में लगे हैं। जहां एक तरफ देशभर में ठिठुरने वाली सर्दी पड़ रही है वहीं दूसरी तरफ राजस्थान के कुछ इलाकों की गर्मी ने लोगों को परेशान किया हुआ है।