केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह फिर एम्स में भर्ती

Amit Shah: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह संसद सत्र के पहले रूटीन चेकअप के लिए भर्ती हुए, डेढ़ माह में तीसरी बार अस्पताल में होना पड़ा है भर्ती

Updated: Sep 14, 2020, 12:49 AM IST

नई दिल्ली। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की तबीयत एक बार फिर बिगड़ गई है। उन्हें शनिवार रात 11 बजे एम्स में भर्ती करवाया गया है। पिछले डेढ़ माह में यह तीसरा मौका है जब गृहमंत्री अमित शाह को अस्पताल में भर्ती होना पड़ा है। एम्स अस्पताल ने बयान जारी कर कहा है कि अमित शाह को संसद सत्र के पहले रूटीन जांच के लिए भर्ती किया गया है। 

अमित शाह दो अगस्त को कोरोना पॉजिटिव हुए थे। इसके बाद उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। 55 वर्षीय शाह ने ट्वीट कर बताया था कि वे कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं। इसके बाद उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया। मेदांता अस्पताल में इलाज के बाद निगेटिव होने पर उनको 14 अगस्त को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया था। 

अमित शाह

फिर 18 अगस्त को उनको थकान और दर्द के चलते उन्हें एम्स में भर्ती किया गया था। अमित शाह का इलाज एम्स के डायरेक्टर डॉक्टर रणदीप गुलेरिया की अगुवाई वाली टीम की देखरेख में चला था। 

एम्स से इलाज के बाद उन्हें 31 अगस्त को छुट्टी दी गई थी। अब 12 सितंबर की रात उन्हें फिर से एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।