गठबंधन की सरकार आई तो गरीबों को देंगे 10 किलो फ्री राशन, लखनऊ में खड़गे का बड़ा ऐलान

भारतीय जनता पार्टी का रथ फंस नहीं धंस गया है। उनकी भाषा बदली है। ये 400 पार का नारा इसलिए दे रहे हैं, क्योंकि देश का संविधान बदलना चाहते हैं। ये पूरे देश की मिली-जुली तहजीब को बदलना चाहते हैं: अखिलेश यादव

Updated: May 15, 2024, 03:14 PM IST

लखनऊ। पांचवें चरण की वोटिंग से पहले उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बुधवार को इंडिया गठबंधन की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई। इसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव मौजूद रहे। खड़गे ने इस दौरान बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि INDIA गठबंधन की सरकार बनने पर गरीबों को 10 किलों राशन दिया जाएगा।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा, 'हमारी सरकार आने पर हम जातीय जनगणना करने वाले हैं। अलगाव के लिए नहीं, बल्कि आर्थिक स्थिति के अनुसार पॉलिसी बनाने के ऐसा किया जाएगा। कांग्रेस को जितनी गालियां देते हैं, उतना राम का नाम भी नहीं लेते होंगे। आप 5 किलो राशन देने की बात करते हैं, लेकिन फूड सिक्योरिटी एक्ट तो हमने लाया। अगर गठबंधन की सरकार आएगी तो हम 10 किलो राशन देंगे। इसकी मैं गारंटी लेता हूं।'

खड़गे ने आगे कहा, 'देश में दो विचारधाराओं की लड़ाई है। चार चरणों के चुनाव में इंडिया गठबंधन मजबूत दिख रहा है। मोदी की सरकार इस बार नहीं बनेगी। इंडिया गठबंधन की सरकार बनने जा रही है। आज सरकारी संस्थानों में पद खाली हैं, लेकिन केंद्र सरकार उनको भरने के लिए राजी नहीं है। हमारी पार्टी बेरोजगारी और मंहगाई के खिलाफ लड़ रही है। हम लोग अमीर और गरीब के अंतर को मिटाने के लिए लड़ रहे हैं। मैंने अब तक नहीं देखा कि 26 पार्टी मिलकर एक साथ खड़ी हों, यह देश का भविष्य बनाने वाला चुनाव है। हमारी आगे की पीढ़ी को बचाने की लड़ाई है।'

इस दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि इंडिया गठबंधन उत्तर प्रदेश में 79 सीटें जीत रहा है। उन्होंने वाराणसी का इशारा करते हुए कहा कि क्यूटो में लड़ाई है। ये 400 पार का नारा इसलिए दे रहे हैं, क्योंकि देश का संविधान बदलना चाहते हैं। ये पूरे देश की मिली-जुली तहजीब को बदलना चाहते हैं। पूरे देश को एक रंग में रंगना चाहते हैं। इंडिया गठबंधन के लिए जनता का समर्थन दिखाई दे रहा है। आने वाले समय में 140 करोड़ की जनता भारतीय जनता पार्टी को 140 सीटों के लिए भी तरसा देगी। 

अखिलेश यादव ने कहा कि चौथे चरण का चुनाव खत्म हो चुका है। भारतीय जनता पार्टी का झूठ जितना पहाड़ चढ़ना था चढ़ चुका है। चोटी से अब उतरना शुरू हो गया है। बीजेपी की बूथ कमेटी अब लूट कमेटी बन गई है। भारतीय जनता पार्टी का रथ फंस नहीं धंस गया है। उनकी भाषा बदली है। देश की जनता बदलाव चाहती है। थार वाली घटना अभी किसान भूले नहीं हैं। उनकी सरकार में लाखों किसानों ने आत्महत्या की है। बुंदेलखंड में बीजेपी का खाता नहीं खुलेगा। वहां भारतीय जनता पार्टी को खंड-खंड कर देंगे।