हम एकजुट रहेंगे तो बीजेपी का जीतना नामुमकिन, INDIA गठबंधन की प्रेस कांफ्रेंस में बोले राहुल गांधी
यहां मंच पर बैठे नेता देश के 60 प्रतिशत लोगों का प्रतिनिधित्व करते हैं। हमें लगता है कि इंडिया एलायंस बीजेपी को आसानी से हरा देगा: राहुल गांधी

मुंबई। INDIA गठबंधन की मुंबई बैठक खत्म हो गई। इस बैठक में सभी 28 दलों के नेताओं ने गहन मंथन के बाद तीन प्रस्ताव पारित किए हैं। इनके तहत सभी दल मिलकर लोकसभा चुनाव लड़ेंगे और सीटों के बंटवारे पर जल्द ही फैसला लिया जाएगा। बैठक के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि हम एकजुट रहेंगे तो बीजेपी का जीतना नामुमकिन होगा।
राहुल गांधी ने कहा, 'इंडिया अलायंस के मंच पर देश की 60 फीसदी आबादी का प्रतिनिधित्व करने वाले नेता है। इतनी बड़ी आबादी का प्रतिनिधित्व साथ हो तो बीजेपी किसी हाल में चुनाव नहीं जीत सकती है। हम एकजुट रहते हैं तो बीजेपी का जीतना नामुमकिन है। कुछ अच्छे कदम इस बैठक में उठाए गए हैं जिनमें कोआर्डिनेशन कमेटी बनाना और अन्य उपसमितियां बनाना था। उन्होंने कहा कि हम जल्द से जल्द सीटों के बंटवारे पर फैसला लेंगे। मैं देख रहा हूं कि इंडिया गठबंधन के सभी दलों ने उदारता दिखाई है। हम सबमें थोड़ा बहुत मतभेद है, लेकिन इसे दूर किया जाएगा।'
राहुल गांधी ने इस दौरान मीडिया से कहा कि जैसा कि लालू जी ने कहा कि इंडिया गठबंधन आप लोगों को भी आज़ादी दिलाएगा। अपनी लद्दाख यात्रा का ज़िक्र करते हुए राहुल ने कहा कि लद्दाख में जो हुआ, वो बेहद शर्मनाक है। उन्होंने लद्दाख यात्रा का ज़िक्र करते हुए बताया कि पैगोंग झील के पास गडरियों ने हमें बताया है कि चीन ने भारत की ज़मीन ली है। लेकिन हमारे पीएम झूठ बोल रहे हैं। यह शर्मनाक है।
मोदी को हटाकर ही दम लेंगे: राहुल गांधी
इस दौरान आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव ने कहा, 'मुझे काफी प्रसन्नता हुई कि हम इस देश की विभिन्न पार्टियों के नेता अलग-अलग बैठे थे। हम एक नहीं थे। उसका खामियाजा देश को भुगतना पड़ा और मोदी ने काफी इसका फायदा उठाया। लगातार लड़ाई लड़ते-लड़ते हम लोग इस मुकाम पर आए हैं, हम सब एक निष्कर्ष पर पहुंचे हैं, हमारा एक स्वरूप बना है। हम शुरू से ही यह लड़ाई लड़ते रहे कि भाजपा हटाओ, देश बचाओ। देश में माइनॉरिटी सुरक्षित नहीं है। महंगाई, बेरोजगारी बढ़ रही है। भिंडी 60 रुपए किलो हो गई, टमाटर कितना महंगा हो गया।'
उन्होंने आगे कहा, 'आप सबको याद होगा कि ये लोग कितना झूठ बोलकर सत्ता में आए थे। मेरा भी नाम था उस समय, और देश के नेताओं का नाम प्रचारित किया था कि इन लोगों का पैसा स्विस बैंक में है और हम यह पैसा लाएंगे और देश के हर नागरिक के खाते में 15-15 लाख आएगा। हमने भी झांसे में खाता खुलवा लिया। हम पति-पत्नी, बच्चों को मिलाकर 11 हो जाते हैं अब इसे 15 से गुणा कर लीजिए। एक पैसा नहीं आया। सब इन्हीं लोगों का पैसा था। हमने इतने ऑपरेशन कराए हैं कि कोई भरोसा नहीं है। आप सबका आशीर्वाद है कि हम जीवित हैं और हम आगे भी मेरा हौसला काफी मजबूत है। हम इसरो के वैज्ञानिकों से अपील कर रहे हैं कि इन्हें चंद्रलोक की जगह सूर्य लोक भेज दो। हम लोगों ने संकल्प लिया है कि मोदी जी को हटाकर ही दम लेंगे।'
देश में भ्रष्ट और अहंकारी सरकार: केजरीवाल
इस दौरान AAP के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा, 'ये जो इंडिया अलाइंस है, ये कोई चंद 26-27 पार्टी का अलाइंस नहीं है। यह देश के एक सौ चालीस करोड़ लोगों का अलाइंस है। जो देश में मोदी सरकार है, वह बेहद भ्रष्ट और अहंकारी सरकार है। हम पढ़ रहे हैं कि विदेश के अखबारों में छप रहा है। एक आदमी (गौतम अडाणी) विदेश में पैसा ले जा रहा है और प्रधानमंत्री मोदी उसकी मदद कर रहे हैं। पूरी सरकार एक आदमी के लिए काम करने में लगी है। ये लोग (मोदी सरकार) अपने आप को भगवान से बड़ा समझने लगे हैं। इंडिया अलाइंस की ताकत को देखकर अब ये लोग आपस में लड़ाएंगे। रोज खबरें आएंगी कि हमारे यहां ये हो गया, वो हो गया। मैं जिम्मेदारी से कह रहा हूं कि हमारे यहां बहुत अच्छा चल रहा है। यहां कोई किसी पद के लिए नहीं आया है। सब ने आगे बढ़कर जिम्मेदारी ली है। किसी ने सीट शेयरिंग, किसी ने मीडिया मैनेज, किसी ने सोशल मीडिया की जिम्मेदारी ली है।'