Karnataka Election Results Live: कर्नाटक में वोटों की गिनती जारी, शुरुआती रुझानों में कांग्रेस बहुमत के पार

कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2023 के लिए मतगणना शुरू हो गई है। शुरुआती रुझानों में भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। जेडीएस भी दर्जनभर सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। राज्य की 224 सदस्यीय विधानसभा के लिए 10 मई को वोटिंग हुई थी।

Updated: May 13, 2023 08:58 AM IST

बेंगलुरु। कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2023 की मतगणना शुरू हो गई है। अब तक आ रहे रुझानों में सत्ताधारी दल बीजेपी और मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। जेडीएस भी अच्छी खासी सीटों पर आगे चल रही है। थोड़ी देर में स्थिति साफ होने का अनुमान है। उधर नतीजे आने से पूर्व ही दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में लोग जश्न मनाने लगे हैं।

JDS 25 सीटों पर आगे

कर्नाटक विधानसभा चुनाव के वोटों की गिनती जारी है। इलेक्शन कमीशन के मुताबिक, कांग्रेस 110, भाजपा 74, जेडीएस 25 और अन्य 5 सीट पर आगे है। कांग्रेस को 43%, भाजपा को 36.3% और जेडीएस को 12.7% वोट मिलते दिख रहे हैं। आम रुझानों में कांग्रेस 117, भाजपा 76, जेडीएस 25 और अन्य को 6 सीटें मिलती नजर आ रही हैं।

कर्नाटक में स्थिर सरकार बनाएंगे: कांग्रेस

कर्नाटक कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष सलीम अहमद ने कहा है कि हमें विश्वास है कि हम 130 सीटों को पार करेंगे और कर्नाटक में एक स्थिर सरकार बनाएंगे। कर्नाटक के लोग कांग्रेस की सरकार चाहते हैं, वे देश की सबसे भ्रष्ट सरकार को बदलना चाहते हैं। बता दें कि शुरुआती रुझानों में कांग्रेस 119, भाजपा 80 और जेडीएस 20 सीटों पर आगे चल रही है।

डीके शिवकुमार जीत के प्रति आश्वस्त

कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने त्रिशंकु विधानसभा की संभावना को खारिज करते हुए पार्टी के 141 सीटें जीतने और पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने का भरोसा जताया है। उन्होंने कहा, ‘हर घर के लोग यहां कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार थे और उन्होंने चुनाव लड़ा।’ शिवकुमार ने कनकपुरा विधानसभा क्षेत्र में अपने मतदाताओं को धन्यवाद दिया।

रुझानों में कांग्रेस बहुमत के पार

शुरुआती रुझानों में कांग्रेस बहुमत के पार जाती दिख रही है। फिलहाल 114 और भाजपा 80 सीटों पर आगे जाती दिख रही है। जेडीएस 15 सीटों पर आगे है। वहीं, अन्य 2 पर बढ़त बनाए हुए है।

मेरी कोई मांग नहीं: कुमारस्वामी

वोटों की गिनती के बीच जेडीएस नेता और कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एच.डी कुमारस्वामी ने बेंगलुरु में कहा कि, "अभी 2-3 घंटे और नतीजों का इंतजार करते हैं। हमें अच्छी चीजों की उम्मीद है। मेरी कोई मांग नहीं है, मेरी एक छोटी पार्टी है, मैं कैसे मांग कर सकता हूं।" उन्होंने उन खबरों का खंडन कर दिया था, जिसमें कहा जा रहा था कि बीजेपी और कांग्रेस दोनों पार्टियों ने जेडीएस से संपर्क किया है।

पिता को सीएम के रूप में देखना चाहता हूं: यतींद्र सिद्धारमैया

कांग्रेस नेता और कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के बेटे और कांग्रेस नेता यतींद्र सिद्धारमैया ने कहा है कि, "एक बेटे के रूप में मैं निश्चित रूप से अपने पिता को फिर से मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहूंगा। पिछली बार उनकी सरकार ने बहुत अच्छा शासन किया था, इस बार भी अगर वे CM बनते हैं तो भाजपा सरकार ने जो कुशासन दिया है वह उनके द्वारा ठीक किया जाएगा, इसलिए राज्य के हित में भी मुझे लगता है कि उन्हें मुख्यमंत्री बनना चाहिए।"

भाजपा और कांग्रेस में कांटे की टक्कर

कर्नाटक में अब तक आधे से अधिक सीटों के रुझान आ गए हैं। भाजपा और कांग्रेस के बीच लगभग बराबर की लड़ाई चल रही है। अब तक 119 सीटों के रुझान में भाजपा 55 और कांग्रेस 50 सीटों पर आगे है। जेडीएस 13 सीटों पर और 1 सीट पर अन्य आगे हैं।