करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या, जयपुर स्थित घर में घुसकर बदमाशों ने मारी गोली
श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की जयपुर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोगामेड़ी के साथ घटना के दौरान मौजूद रहे अजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

जयपुर। राजस्थान में भाजपा के चुनाव जीतते ही लॉ एंड ऑर्डर कंट्रोल से बाहर हो चुकी है। मंगलवार को राजधानी जयपुर में श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोगामेड़ी के साथ घटना के दौरान मौजूद रहे अजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। वहीं, क्रॉस फायर में एक हमलावर भी मारा गया।
पुलिस के अनुसार, श्याम नगर जनपथ पर सुखदेव सिंह गोगामेड़ी का घर है। मंगलवार दोपहर करीब 1:30 बजे उनके घर दो बदमाश पहुंचे। गोगामेड़ी के सामने आते ही बदमाशों ने फायरिंग करना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि गोगामेड़ी को चार गोली लगी। फायरिंग के बाद बदमाश भागते हुए एक गली से निकले और एक कार को रोककर लूटने का प्रयास किया। उन्होंने ड्राइवर को पिस्तौल दिखाई तो ड्राइवर कार को भगा ले गया।
घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी विडियो भी सामने आया है। इसमें दो लोगों को राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी और दरवाजे पर खड़े एक अन्य व्यक्ति पर कई गोलियां चलाते हुए देखा जा है। हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस विश्नोई से जुड़े गोदारा गैंग ने ली है। वहीं, पुलिस ने कहा है कि हमलावरों का पहचान हो गया है।
सुखदेव सिंह गोगामेडी जी की हत्या का CCTV वीडियो ।
— Rajput's Of INDIA (@rajput_of_india) December 5, 2023
गद्दार समाज के नाम पर मदद मांगने आए थे pic.twitter.com/nMjuG22gvd
बताया जा रहा है कि सुखदेव सिंह गोगामेड़ी को लॉरेंस विश्नोई गैंग से लगातार धमकियां मिल रही थी।सुखदेव सिंह गोगामेड़ी लंबे समय से राष्ट्रीय करणी सेना से जुड़े थे। उन्होंने करणी सेना संगठन में विवाद के बाद राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के नाम से अलग संगठन बना लिया था। गोगामेड़ी उसके अध्यक्ष थे।
कांग्रेस के सोशल मीडिया के कनवेनर नितिन अग्रवाल ने घटना को लेकर कहा कि राजस्थान में शांति व कानून व्यवस्था ख़त्म और भाजपा के जंगल राज की शुरुआत। राजपूत करणी सेना के नेता सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की बदमाशों ने जयपुर में घर में घुस के गोली मार कर हत्या कर दी।