केजरीवाल के कोमा में जाने का खतरा, नींद में 5 बार शुगर लेवल कम होकर 50 तक आया: संजय सिंह

संजय सिंह ने दावा किया कि गिरफ्तारी के बाद से अब तक केजरीवाल का करीब 8.5 किलो वजन घट गया है। ये गंभीर बीमारी का संकेत हो सकता है।

Updated: Jul 14, 2024, 03:56 PM IST

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल के कोमा में जाने की आशंका जताई है। उन्होंने कहा कि जेल में दिल्ली सीएम केजरीवाल का लगातार वजन घट रहा है। उन्होंने दावा किया कि गिरफ्तारी के बाद से अब तक केजरीवाल का करीब 8.5 किलो वजन घट गया है जो गंभीर बीमारी का संकेत हो सकता है।

संजय सिंह ने कहा कि 21 मार्च को गिरफ्तारी के समय केजरीवाल का वजन 70 किलो था जो अब घटकर 61.5 किलो रह गया है। उन्होंने यह भी कहा कि जेल में रहने के दौरान नींद में 5 बार उनका शुगर लेवल गिरकर 50 तक आ चुका है। सोते समय अचानक शुगर लेवल गिरता है, तो व्यक्ति कोमा में जा सकता है।

इससे पहले 22 जून को भी आम आदमी पार्टी ने दावा किया था कि केजरीवाल का वजन गिरफ्तारी के बाद से लगातार कम हो रहा है। पार्टी ने कहा था कि दिल्ली शराब नीति केस में 21 मार्च को गिरफ्तारी के बाद से 22 जून तक केजरीवाल का वजन कुल 8 किलो गिर चुका है। 21 मार्च को केजरीवाल का वजन 70 किलो था। तब से उनका वजन लगातार गिरना शुरू हुआ।

उधर, भाजपा ने इसे सहानुभूति हासिल करने की कोशिश करार दिया है। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि जब केजरीवाल को जमानत मिलती है, तो वे इलाज के लिए नहीं जाते। जमानत के दौरान उनका चुनावी कैंपेन और राजनीतिक टिप्पणियां नई ऊंचाइयों पर पहुंच जाती हैं। एम्स के डॉक्टरों का पैनल उनके स्वास्थ्य की देखभाल कर रहा है। सीनियर डॉक्टरों का कहना है कि कोमा में जाने की बात कहना सहानुभूति हासिल करने की कोशिश है।