एकलव्य की तरह देश के युवाओं का अंगूठा काट रही है सरकार, लोकसभा में गरजे राहुल गांधी

हाथरस में रेप पीड़ित का परिवार घर से निकल नहीं पा रहा, आरोपी खुलेआम घूम कर रोज उन्हें धमका रहे हैं। यूपी में संविधान नहीं, मनु स्मृति लागू है: राहुल गांधी

Updated: Dec 14, 2024, 04:15 PM IST

नई दिल्ली। संसद में संविधान पर चर्चा का शनिवार को दूसरा दिन है। लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने संविधान और मनु स्मृति की कॉपी लहराई। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार और भाजपा पर जमकर हमला बोला। राहुल गांधी ने कहा कि मैं अपने भाषण की शुरुआत आरएसएस के सर्वोच्च नेता सावरकर और भारत के संविधान पर उनके विचारों तथा उनके विचार कि भारत को कैसे चलाया जाना चाहिए, के हवाले से करना चाहता हूं।

राहुल गांधी ने कहा, 'सावरकर लिखते हैं: भारत के संविधान की सबसे बुरी बात यह है कि इसमें कुछ भी भारतीय नहीं है। मनुस्मृति वह ग्रंथ है जो वेदों के बाद सबसे अधिक पूजनीय है, तथा जो प्राचीन काल से ही हमारी संस्कृति, रीति-रिवाजों, विचारों और व्यवहारों का आधार रहा है। इस ग्रंथ ने सदियों से हमारे राष्ट्र की आध्यात्मिक और दैवीय यात्रा को संहिताबद्ध किया है। आज मनुस्मृति ही कानून है।' राहुल गांधी ने कहा कि ये सावरकर के शब्द हैं।

लोकसभा में राहुल गांधी ने कहा, 'जब हम संविधान को देखते हैं, तो संविधान में महात्मा गांधी, डॉ. बीआर आंबेडकर, पंडित जवाहर लाल नेहरू के विचार दिखते हैं, लेकिन ये विचार कहां से आए? ये विचार भगवान शिव, गुरु नानक, भगवान बासवन्ना, कबीर आदि से आए हैं। हमारा संविधान हमारी प्राचीन विरासत के बिना नहीं बन सकता था। सावरकर ने अपने लेखों में साफ लिखा है कि हमारे संविधान में कुछ भी भारतीय नहीं है। लड़ाई मनु स्मृति और संविधान के बीच की है। अब सवाल ये है कि आप सावरकर की बात को मानते हैं या फिर संविधान को। क्योंकि जब आप संविधान की तारीफ करते हैं, तो आप एक तरह से सावरकर का विरोध करते हैं।'

राहुल गांधी ने कहा, 'मैंने इंदिरा जी से पूछा था कि सावरकर पर उनके क्या विचार है। इंदिरा जी ने कहा था- सावरकर ने अंग्रेजों से समझौता कर लिया था। उनसे माफी मांगी। इंदिरा जी ने कहा था कि नेहरूजी जेल गए, गांधीजी जेल गए और सावरकर ने माफी मांगी थी। यह उनकी सावरकर पर सोच थी।'

राहुल ने कहा, 'हमारी जो विचारधारा है, इंडिया गठबंधन की विचारधारा है, वो देश में संविधान लाई है। हम मिलकर संविधान की रक्षा करते हैं। आज यह बात सबके सामने है कि राजनीतिक समानता खत्म हो गई है। सारे संस्थानों पर कब्जा कर लिया गया है। सोशल-फाइनेंशियल इक्वालिटी नहीं रह गई है। हम देश को दिखाना चाहते हैं कि किन लोगों का और कहां-कहां अंगूठा काटा है। हम दलितों, आदिवासियों, किसानों को यह दिखाना चाहते हैं कि आपने किसका अंगूठा काटा है। मैंने वादा किया था, इसी संसद में हम जातिगत जनगणना को लागू करेंगे। 50 फीसदी रिजर्वेशन की दीवार को हम तोड़ेंगे। आपको जो कहना है कह लो।'

यह भी पढ़ें: शंभू बॉर्डर पर हालात तनावपूर्ण, किसानों पर पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले

राहुल गांधी ने कहा, 'मैं कुछ दिन पहले हाथरस गया। वहां 4 साल पहले एक लड़की का बलात्कार होता है। गैंगरेप होता है। तीन-चार लोग ये काम करते हैं। मैं दो-तीन दिन पहले उस लड़की के परिवार के घर में गया। जिन्होंने गैंगरेप किया। वो बाहर घूम रहे हैं। लड़की का परिवार अपने घर में बंद है। बाहर नहीं जा सकता है। अपराधी उनको रोज धमकाते हैं और बाहर घूमते हैं। परिवार ने मुझे बताया कि बेटी का जो अंतिम संस्कार था वो भी नहीं करने दिया। चीफ मिनिस्टर ने खुलकर मीडिया में झूठ बोला।'

राहुल गांधी ने कहा, 'संविधान में ये कहां लिखा है कि अपराध करने वाले बाहर रहें, जिसका रेप हुआ है उस परिवार को बंद कर दिया जाए। ये मनुस्मृति में लिखा हुआ है, आपकी किताब में लिखा है। यूपी में आप कहते हो कि आपका राज है, आपका राज है तो वहां मनु स्मृति लागू हो रही है।'