दमोह में होली के दिन दर्दनाक हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से दो युवकों की हुई मौत
दमोह जिले में होली के दिन बड़ा सड़क हादसा हो गया। होली खेलने निकले रनेह थाना क्षेत्र के दो 18 वर्षीय युवकों की रोड एक्सीडेंट में मौत हो गई।
दमोह। मध्य प्रदेश के दमोह जिला में होली के दिन एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दुर्घटना में दो युवकों की जान चली गई। रनेह थाना क्षेत्र के रहने वाले दोनों युवक मंगलवार सुबह होली खेलने घर से निकले थे लेकिन दोपहर में अज्ञात वाहन की टक्कर का शिकार हो गए। गंभीर हालत में उन्हें हटा सिविल अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, प्रिंस रैकवार (18) पिता पप्पू रैकवार और मयंक दुबे (18) पिता मुकेश दुबे मंगलवार सुबह करीब 11 बजे बाइक से गैसाबाद की ओर निकले थे। दोपहर लगभग 3 बजे गैसाबाद थाना क्षेत्र में सकोर और पुरैना गांव के बीच किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तुरंत हटा सिविल अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से सूचना मिलते ही हटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी सुधीर बेगी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया और परिजनों को सौंप दिया गया। गैसाबाद पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई है।
हादसे की खबर मिलते ही परिजन हटा सिविल अस्पताल पहुंचे। वहां दोनों युवकों के निधन की पुष्टि होते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। जिस दिन रंगों और उत्सव का माहौल होना चाहिए था उसी दिन गांव में मातम छा गया। आसपास के इलाके में भी शोक का माहौल है।
पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है ताकि वाहन की पहचान की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी वाहन चालक की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




