राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने जारी की प्रत्याशियों की सूची, अभिषेक मनु सिंघवी तेलंगाना से बने कैंडिडेट
कांग्रेस ने 10 राज्यों में होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए 6 उम्मीदवारों के नाओं की घोषणा कर दी है। इन नामों में राज्यसभा सांसद और वकील अभिषेक मनु सिंघवी, तेलंगाना के सीएम के सलाहकार वेम नरेंद्र रेड्डी समेत कई अन्य उम्मीदवार शामिल हैं।
नई दिल्ली। राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने गुरुवार को 6 उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की है। तेलंगाना से अभिषेक मनु सिंघवी और छत्तीसगढ़ से फूलो देवी नेताम को दोबारा उम्मीदवार बनाया है। दोनों वर्तमान में राज्यसभा सांसद हैं।
पार्टी ने हरियाणा से करमवीर सिंह बौद्ध और हिमाचल प्रदेश से अनुराग शर्मा को उम्मीदवार बनाया है। अनुराग कांगड़ा जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हैं। उन्हें हिमाचल सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू का करीबी माना जाता है।
तेलंगाना की दूसरी सीट के लिए कांग्रेस ने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के करीबी माने जाने वाले वीम नरेंद्र रेड्डी को मैदान में उतारा है। तमिलनाडु में स्टालिन की पार्टी DMK ने कांग्रेस को एक राज्यसभा सीट दी है। कांग्रेस ने यहां से एम. क्रिस्टोफर तिलक को उम्मीदवार बनाया है। इधर, भाजपा भी दो बार में 13 उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर चुकी है।
राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा ने 4 प्रत्याशियों के नाम वाली दूसरी लिस्ट जारी की। इसमें केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े और माया चिंतामन इवनाते और रामराव वडकुते के नाम हैं।




