लिज ट्रस बनीं ब्रिटेन की नई प्रधानमंत्री, भारतीय मूल के ऋषि सुनक को पीछे छोड़ा

लिज ट्रस ब्रिटेन की तीसरी महिला प्रधानमंत्री होंगीं, उनसे पहले थेरेसा मे और मार्गेट थेचर ब्रिटेन की प्रधानमंत्री रह चुकी हैं, उन्होंने 'भारतवंशी' ऋषि सुनक को पीछे छोड़ा है।

Updated: Sep 05, 2022, 12:46 PM IST

लंदन। ब्रिटेन को नया प्रधानमंत्री मिल चुका है। पूर्व विदेश मंत्री लिज ट्रस नई प्रधानमंत्री चुनी गई हैं। ट्रस ने कांटे की टक्कर में भारतीय मूल के ऋषि सुनक को हरा दिया है। लिज ट्रस, बोरिस जॉनसन की जगह लेंगी।

लिज ट्रस ब्रिटेन के इतिहास की तीसरी ऐसी महिला हैं जो प्रधानमंत्री की कुर्सी पर काबिज हुई हैं। इससे पहले मार्गेट थैचर और थेरेस मे ब्रिटेन में पीएम का पद संभाल चुकी हैं। ब्रिटेन की तीनों महिला प्रधानमंत्री कंजरवेटिव पार्टी की हुई हैं। लिज ट्रस बीते छह साल में देश की चौथी पीएम भी हैं। इससे पहले डेविड कैमरन, थेरेसा मे, बोरिस जॉनसन 2016 से लेकर 2022 तक अलग-अलग अंतराल में पीएम पद पर रहे हैं।

यह भी पढ़ें: बच्चों का आहार खा गई सरकार, चारा घोटाले की तर्ज पर MP में आहार घोटाला, CM चौहान के पास है मंत्रालय

लिज ट्रस को ब्रिटेन की सियासत में फायरब्रांड नेता के तौर पर जाना जाता है। दो महीने चले इलेक्शन कैम्पेन में उनकी एप्रोच कभी डिफेंसिव नहीं रही। बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रधानमंत्री चुने जाने के बाद कुछ देर में ट्रस डाउनिंग स्ट्रीट के पास एक छोटा भाषण देंगी। ये सिर्फ एक परंपरा है।

बता दें कि 7 जुलाई को बोरिस जॉनसन ने कई विवादों में घिरने के बाद कंजरवेटिव पार्टी के मुखिया पद से इस्तीफा दे दिया था। उसके बाद कंजर्वेटिव पार्टी में उनका मुकाबला भारतीय मूल के ऋषि सुनक से था। पार्टी के करीब 1.60 लाख सदस्यों ने वोटिंग की। कंजर्वेटिव पार्टी के सांसदों की वोटिंग के पांचों राउंड में सुनक ने लिज ट्रस को मात दी थी, लेकिन अंतिम फैसला तो इस पार्टी के करीब 1 लाख 60 हजार रजिस्टर्ड मेंबर्स करते हैं।