उत्तर प्रदेश में लॉकडाउन फिर बढ़ाया गया, अब सोमवार सुबह तक जारी रहेंगी पाबंदियां

उत्तर प्रदेश में 10 मई यानी सोमवार तक लॉकडाउन बढ़ाया गया है। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए योगी सरकार ने लॉकडाउन बढ़ाने का फैसला किया है. लॉकडाउन की मियाद कल सुबह 7 बजे खत्म हो रही थी।

Updated: May 05, 2021, 07:33 AM IST

Photo courtesy: aaj tak
Photo courtesy: aaj tak

लखनऊ। देशभर में बढ़ते कोरोना संक्रमण के मद्देनजर उत्तर प्रदेश में लॉकडाउन को बढ़ा दिया गया है। अब 10 मई यानी सोमवार सुबह 7 बजे तक पूरे प्रदेश में लॉकडाउन लागू रहेगा। ज्ञात हो इससे पहले गुरुवार यानी 6 मई सुबह 7 बजे तक पाबंदी लगाई गई थी, लेकिन अब इसे सोमवार सुबह तक लागू करने का फैसला किया गया है। 

दरअसल, पंचायत चुनाव के बाद उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है।यूपी के हर गांव में संक्रमण का खतरा मंडरा रहा है। इसके चलते सरकार ने लॉकडाउन को बढ़ाने का फैसला किया है। हालांकि, पहले जो आदेश आया था, उसके मुताबिक, गुरुवार सुबह 7 बजे से शुक्रवार रात 8 बजे तक बाजार को खोला जाना था


अब उत्तर प्रदेश सरकार ने पूरे हफ्ते भर का लॉकडाउन लगाने का निर्माण किया है। यानी सोमवार सुबह 7 बजे तक पूरे प्रदेश में लॉकडाइन लागू रहेगा। सरकार ने सभी जिला प्रशासन को गांवों में वैक्सीनेशन और सैनिटाइजेशन को तेज करने का निर्देश दिया है। लॉकडाउन के दौरान आवश्यक वस्तुओं, दवा की दुकान समेत ई-कॉमर्स आपूर्ति को चालू रखा गया है।

इस बीच योगी सरकार ने एक और आदेश जारी किया गया है, जिसमें औद्योगिक गतिविधियों, मेडिकल या आवश्यक सेवाओं की आपूर्ति, आवश्यक वस्तुओं का परिवहन, ई-कामर्स ऑपरेशन्स, आपात चिकित्सा वाले व्यक्ति और दूरसंचार, डाक सेवा, प्रिंट और इलेक्ट्रानिक मीडिया सेवा से जुड़े लोगों को ई-पास लेने की जरूरत नही होगी।

गौरतलब है कि इससे पहले बिहार सरकार ने 15 मई तक पूरे प्रदेश मे लॉकडाउन का ऐलान किया था। कोरोना के बढ़ते केस को देखते हुए बिहार सरकार ने पटना हाई कोर्ट की फटकार के बाद लॉकडाउन लगाने के निर्देश दिए थे। यह लॉकडाउन आज से पूरे बिहार में लागू हो गया है।