लखनऊ में 8 नवंबर तक लागू हुई धारा 144, आज लखीमपुर जा सकते हैं राहुल

लखनऊ में त्योहारों और कोरोना के खतरे को देखते हुए धारा 144 लगाई गई है, लेकिन इस फैसले के पीछे बड़ा कारण लखीमपुर खीरी नरसंहार और किसान आंदोलन को माना जा रहा है

Publish: Oct 06, 2021, 03:51 AM IST

लखनऊ। लखीमपुर खीरी के बाद अब उत्तर प्रदेश की राजधानी में भी धारा 144 लगा दी गई है। लखनऊ में 8 नवंबर तक के लिए धारा 144 लागू की गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक कोरोना के खतरे और त्योहारों के सीजन को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। लेकिन लखीमपुर खीरी नरसंहार और किसान आंदोलन को भी बड़ा कारण माना जा रहा है। 

अगले साल उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनावों से ठीक पहले लखीमपुर खीरी में किसानों की बेरहमी से की गई हत्या के कारण राज्य और देश में योगी सरकार की बेहद किरकिरी हुई है। हत्या के मामले में केंद्रीय मंत्री के बेटे का नाम आने की वजह से योगी सरकार हर कदम फूंक फूंक कर रखना चाहती है। लिहाज़ा भाजपा राज्य में अचार संहिता के लागू होने से पहले राजधानी लखनऊ में किसी बड़े आंदोलन की गुंजाइश खत्म करना चाहती है।

आज लखीमपुर जाएंगे राहुल 

दूसरी तरफ कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज लखीमपुर खीरी जाने की योजना बना रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक राहुल गांधी बुधवार दोपहर को लखनऊ पहुंच सकते हैं। इसके बाद वे कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ लखीमपुर खीरी के लिए रवाना होंगे। 

पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने भी यह चेतवानी दी है कि अगर हत्या के आरोपी मंत्री के बेटे को गिरफ्तार नहीं किया गया और प्रियंका गांधी को हिरासत से रिहा नहीं किया जाता है तो पूरी पंजाब कांग्रेस लखीमपुर खीरी की ओर कूच करेगी। नवजोत सिंह सिद्धू ने भाजपा सरकार को इस संबंध में आज तक का अल्टीमेटम दिया है।

यह भी पढ़ें : लखीमपुर खीरी की ओर कूच करेगी पंजाब कांग्रेस, नवजोत सिंह सिद्धू ने दी चेतावनी

इससे पहले मंगलवार को लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचे छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को एयरपोर्ट पर ही रोक लिया गया था। जिसके विरोध में सीएम बघेल एयरपोर्ट पर ही धरने पर बैठ गए थे। 

यह भी पढ़ें : 30 घंटे की हिरासत के बाद प्रियंका गांधी गिरफ्तार

मंगलवार को तीस घंटे तक बिना किसी एफआईआर के हिरासत में रखे जाने के बाद प्रियंका गांधी को गिरफ्तार कर लिया गया। प्रियंका गांधी पर धारा 144 के उल्लंघन और शांति भंग करने की आशंका सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रियंका गांधी समेत कुल ग्यारह नेताओं को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार नेताओं में दीपेंद्र सिंह हुड्डा और यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय लल्लू भी शामिल हैं।