महाराष्ट्र भूषण अवार्ड समारोह में लू से 11 की मौत, 24 अन्य लोग अस्पताल में भर्ती

इस कार्यक्रम का आयोजन नवी मुंबई के खारघर में किया गया था। कार्यक्रम में लाखों की संख्या में लोग पहुंचे थे। दोपहर में आयोजित किए जाने की वजह से गर्मी काफी ज्यादा थी। इसी दौरान लोगों की तबीयत खराब हुई और 11 की मौत हो गई।

Updated: Apr 17, 2023, 07:57 AM IST

मुंबई। महाराष्ट्र के नवी मुंबई में आयोजित एक सम्मान समारोह में लू लगने से 11 लोगों की मौत की खबर है। जबकि 50 अन्य लोगों की भी तबीयत खराब हो गई है। जिन्हें पास के ही अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मरने वालों में 8 महिलाएं हैं, इनमें ज्यादातर बुजुर्ग हैं। इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने पुरस्कार वितरण कर रहे थे।

जानकारी के मुताबिक कार्यक्रम का आयोजन नवी मुंबई के खारघर में किया गया था। कार्यक्रम में लाखों की संख्या में लोग पहुंचे थे। इस मौके पर अप्पासाहेब धर्माधिकारी को महाराष्ट्र भूषण से सम्मानित किया गया। दोपहर में आयोजित किए जाने की वजह से गर्मी काफी ज्यादा थी। इसी दौरान लोगों की तबीयत खराब हुई और 11 लोगों ने दम तोड दिया। जबकि दो दर्जन लोग गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं।

यह भी पढ़ें: गोलीतंत्र और भीड़तंत्र की वकालत करने वाले संविधान को करते हैं ध्वस्त, यूपी की लचर कानून व्यवस्था पर खड़गे ने उठाए सवाल

घटना स्थल के निकटतम मौसम केंद्र ने अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया था। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम को सुबह 10.30 बजे खत्म होना था, लेकिन दोपहर एक बजे तक चला। उसके बाद भीड़ में लोगों को निकालने में समय लगा। इस दौरान गर्मी और डिहाइड्रेशन की वजह से कई लोगों को चक्कर आने लगे और तबीयत बिगड़ गई। 

महाराष्ट्र के पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे, आदित्य ठाकरे और NCP नेता अजीत पवार ने देर रात एमजीएम कमोठे अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की। इस दौरान ठाकरे ने पूछा कि इन मौतों की जिम्मेदारी कौन लेगा? वहीं एनसीपी नेता अजीत पवार ने कहा कि, 'पुरस्कार देने के लिए दोपहर का समय तय किया गया। सभी को पता है कि अप्रैल के महीने में दोपहर को गर्मी कितनी होती है। ये बहुत बड़ा हादसा है, हमने अस्पताल में लोगों ने मुलाकात की है...घटना की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए।' 

सीएम एकनाथ शिंदे ने इन मौतों को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये मुआवजे का ऐलान किया। शिंदे ने कहा, 'करीब 50 लोगों को नवी मुंबई स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिनमें से 24 अभी भी भर्ती हैं, जबकि बाकी को प्राथमिक उपचार के बाद वहां से छुट्टी दे दी गई। राज्य सरकार द्वारा अस्पताल में भर्ती हुए लोगों को मुफ्त इलाज मुहैया कराया जा रहा है।'