UP के बांदा जेल में बंद मुख्तार अंसारी की हार्ट अटैक से मौत, भाई ने लगाए थे जेल में जहर देने के आरोप

माफिया डॉन मुख्तार अंसारी को बांदा मेडिकल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था। बांदा मेडिकल कॉलेज की ओर से जारी मेडिकल बुलेटिन मे कार्डियक अरेस्ट की वजह से मुख्तार अंसारी की मौत की वजह बताई गई है।

Updated: Mar 28, 2024, 11:09 PM IST

बांदा। उत्तर प्रदेश की बांदा जेल में बंद माफिया डॉन मुख्तार अंसारी की हार्ट अटैक से मौत हो गई है। गुरुवार शाम को उसे जेल से बांदा के रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज ले जाया गया था। अस्पताल द्वारा जारी मेडिकल बुलेटिन के मुताबिक मुख्तार को उल्टी की शिकायत एवं बेहोशी कि हालत में लाया गया था। कार्डियक अरेस्ट की वजह से मुख्तार अंसारी की मौत की वजह बताई गई है।

मुख्मतार अंसारी की मौत के बाद बांदा, मऊ और गाजीपुर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। यहां धारा 144 लागू कर दी गई है। साथ ही बांदा में भी सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। DGP मुख्यालय ने भी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।

माफिया मुख्तार के परिवार के सदस्य बांदा के लिए रवाना हुए हैं। मुख्तार के छोटे बेटे उमर अंसारी बांदा के लिए रवाना हो गए हैं। मुख्तार के बड़े बेटे अब्बास अंसारी की पत्नी निखत और अफजाल अंसारी कुछ देर पहले गाजीपुर से बांदा के लिए रवाना हुए। हाईकोर्ट में मुख्तार अंसारी की पैरवी करने वाले वकील अजय श्रीवास्तव भी बांदा के लिए रवाना हुए।

इधर, मुहम्मदाबाद मे मुख्तार के पैतृक घर मे लोगों का इकट्ठा होना शुरू हो गया है। मुख्तार के घर के आसपास पुलिस फोर्स तैनात की गई है। गाजीपुर, मऊ, आजमगढ़ पुलिस को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। सोशल मीडिया में अफवाह, भड़काऊ, या आपत्तिजनक पोस्ट पर कार्यवाई के निर्देश दिए गए हैं।

बता दें कि सोमवार रात भी मुख्तार अंसारी की तबीयत बिगड़ गई थी। पेट दर्द की शिकायत पर जेल प्रशासन ने माफिया को सुबह 3 बजकर 55 मिनट पर मेडिकल कॉलेज के ICU में भर्ती कराया था। हालत में सुधार होने के बाद मुख्तार को शाम 6 बजे बांदा जेल में शिफ्ट कर दिया गया था। मुख्तार 14 घंटे अस्पताल में रहा था।

बांदा मेडिकल प्रशासन ने हेल्थ बुलेटिन भी जारी किया था। इसमें बताया था, मुख्तार के पेट में दर्द है। उसे 4-5 दिनों से कब्ज की शिकायत थी। मुख्तार अंसारी से मिलने के बाद उनके भाई अफजाल अंसारी ने बताया था कि वे होश में हैं। उन्होंने हमसे कहा कि उन्हें खाने में कोई जहरीला पदार्थ दिया गया है। 40 दिन पहले भी एक बार ऐसा हो चुका है।