Arnab Goswami Arrested: अर्नब गोस्वामी गिरफ्तार, जावडेकर को आई इमरजेंसी की याद

Arrested In Suicide Case: मुंबई पुलिस ने रिपब्लिक टीवी के मालिक अर्नब को अन्वय नाइक आत्महत्या मामले में गिरफ्तार किया है, केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावडेकर ने अर्णब का बचाव करते हुए कहा, इस गिरफ्तारी ने इमरजेंसी की याद दिला दी

Updated: Nov 04, 2020, 07:01 PM IST

Photo Courtesy: Newsroompost
Photo Courtesy: Newsroompost

मुंबई। रिपब्लिक टीवी के संपादक अर्नब गोस्वामी को मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मुंबई पुलिस ने ये कार्रवाई इंटीरियर डिजाइनर अन्वय नाइक की आत्महत्या के मामले में की है। अर्नब गोस्वामी ने आरोप लगाया है कि मुंबई पुलिस ने उनके साथ मारपीट की है। रिपब्लिक टीवी लगातार अर्नब के घर के वीडियो भी दिखा रहा है, जिसमें दिख रहा है कि पुलिस अर्नब को जबरन वैन में बैठाती है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मुंबई पुलिस अर्नब गोस्वामी को अलीबाग लेकर गई है।

केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावडेकर ने अर्णब की गिरफ्तारी की कड़ी आलोचना करते हुए इसकी तुलना इमरजेंसी से की है। जावडेकर ने ट्विटर पर लिखा है, "हम महाराष्ट्र में प्रेस की आज़ादी पर हुए इस हमले की निंदा करते हैं। प्रेस के साथ ऐसा बर्ताव नहीं होना चाहिए। इस गिरफ्तारी ने हमें इमरजेंसी की याद दिला दी, जब प्रेस के साथ ऐसा बर्ताव किया जाता था।"

अर्नब ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा है कि मुझे अपने परिवार से बात करने से रोका गया। अर्नब ने यह भी कहा है कि मुंबई पुलिस ने उनके सास, ससुर, पत्नी और बेटे पर शारीरिक हमला किया है। बता दें कि आज यानी बुधवार को सुबह तड़के मुंबई पुलिस अर्नब के घर पहुंची थी। 

क्यों गिरफ्तार हुए अर्नब 

अर्नब की गिरफ्तारी दो वर्ष पूर्व हुई दो आत्महत्याओं के मामले में की गई है। साल 2018 में 53 वर्षीय इंटीरियर डिजाइनर अन्वय नाइक और उनकी मां कुमुद नाईक ने आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया था, जो कथित रूप से अन्वय ने लिखा था। इस सुसाइड नोट में लिखा था कि अर्नब गोस्वामी और दो अन्य लोगों ने उनके 5 करोड़ 40 लाख रुपए का भुगतान नहीं किया, जिस वजह से आर्थिक तंगी का सामना करते हुए उन्हें आत्महत्या का कदम उठाना पड़ रहा है। हालांकि रिपब्लिक टीवी ने इन आरोपों को खारिज कर दिया था।

बता दें कि अर्नब और उनके न्यूज चैनल पर बीते कुछ समय के दौरान टीआरपी में घोटाला करने समेत कई गंभीर आरोप लगे हैं। अर्नब और उनके चैनल पर लोगों को पैसे देकर गलत तरीके से टीआरपी बढ़वाने के खेल में शामिल होने का आरोप है। फिलहाल इस मामले की जांच चल रही है। इसके अलावा सुशांत सिंह राजपूत की मौत के केस को लेकर भी चैनल के खिलाफ मामले दर्ज हैं।