पप्पू यादव ने किया कांग्रेस को समर्थन देने का एलान, कहा, कांग्रेस के नेतृत्व में बिहार को मिलेगा सक्षम विकल्प

पप्पू यादव की जन अधिकार पार्टी ने कांग्रेस को आगामी विधानसभा उपचुनावों में समर्थन करने का एलान किया है, बिहार कांग्रेस के प्रभारी भक्त चरण दास पहले ही इस सिलसिले में पप्पू यादव से बात कर चुके थे

Publish: Oct 22, 2021, 11:58 AM IST

Photo Courtesy : TV9 Bharatvarsh
Photo Courtesy : TV9 Bharatvarsh

नई दिल्ली। जन अधिकार पार्टी के मुखिया पप्पू यादव ने बिहार उपचुनावों में कांग्रेस पार्टी का समर्थन करने का एलान कर दिया है। अपने ट्विटर हैंडल से पप्पू यादव ने कांग्रेस का समर्थन करने की घोषणा की है। साथ ही पप्पू यादव ने यह भी कहा है कि बिहार को नफरती सरकार और जाहिल नकारा विपक्ष से छुटकारा दिलाने का समय आ गया है। पप्पू यादव ने कहा है कि कांग्रेस के नेतृत्व में ही बिहार को एक सक्षम विकल्प मिल सकता है।  

पप्पू यादव ने अपने ट्विटर हैंडल पर कांग्रेस पार्टी को समर्थन करने का एलान करते हुए कहा कि बिहार विधानसभा उपचुनाव में दोनों सीट पर मेरी पार्टी कांग्रेस को समर्थन करेगी। मैं उनके उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्धता से प्रयास करूंगा।जिससे बिहार को जाहिल नकारा विपक्ष और नफरती सत्ता पक्ष से छुटकारा मिले।बिहार को कांग्रेस के नेतृत्व में सक्षम विकल्प मिले। 

पप्पू यादव की पार्टी तारापुर और कुशेश्वर स्थान विधानसभा सीटों पर कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवारों का समर्थन करेगी। तारापुर सीट से कांग्रेस ने राजेश कुमार मिश्रा और कुशेश्वर स्थान से अतिरेक्त कुमार को टिकट दिया है। दोनों ही सीटों पर 30 अक्टूबर को चुनाव होने हैं। इनके परिणाम 2 नवंबर को आएंगे।  

पप्पू यादव के समर्थन के एलान से पहले ही यह बात बहुत हद तक स्पष्ट हो चुकी थी कि किसी भी समय पप्पू यादव की ओर से कांग्रेस को समर्थन करने का औपचारिक एलान हो जाएगा। बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष मदन मोहन झा द्वारा पप्पू यादव को लिखा एक पत्र भी वायरल हो रहा था, जिसमें इस बात का ज़िक्र था कि बिहार कांग्रेस प्रभारी भक्त चरण दास और पप्पू यादव के बीच उपचुनावों में समर्थन की बात भी हो चुकी है। 

यह भी पढ़ें ः बिहार कांग्रेस प्रभारी का बड़ा एलान, लोकसभा चुनाव में सभी 40 सीटों पर चुनाव लड़ेगी कांग्रेस

शुक्रवार दोपहर को ही बिहार कांग्रेस के प्रभारी भक्त चरण दास ने बड़ा एलान कर दिया। बिहार कांग्रेस प्रभारी ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनावों में कांग्रेस अपने दम पर चुनाव लड़ेगी। इसलिए कांग्रेस पार्टी बिहार की सभी 40 लोकसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। भक्त चरण दास ने आरजेडी पर गठबंधन धर्म का पालन न करने का भी आरोप लगाया। भक्त चरण दास ने यह भी कहा कि बिहार में अकेले दम पर चुनाव लड़ना हमारी राजनीतिक आवश्यकता भी है।