शराबबंदी वाले गुजरात में सबसे ज्यादा दारू पीते हैं लोग, मोदी के मंत्री ने उनके ही गृहराज्य पर उठाए सवाल

शराबबंदी के मुद्दे पर केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने दिखाया आईना, बोले- गुजरात में शराबबंदी है, लेकिन वहां के लोग ही सबसे ज्यादा दारू पीते हैं।

Updated: Dec 18, 2022, 03:43 AM IST

भोपाल। बीजेपी शासित गुजरात में शराब पर प्रतिबंध है, मगर केंद्र सरकार के एक मंत्री ने दावा किया है कि वहां पर प्रतिबंध के बाद भी लोग सबसे ज्यादा शराब पी रहे हैं। केंद्रीय इस्पात राज्य मंत्री और मंडला से भाजपा सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने यह बात मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में कही। वह शनिवार (17 दिसंबर, 2022) को वाल्मी परिसर में नेहरू युवा केंद्र की तरफ से आयोजित 14वें जनजातीय युवा आदान-प्रदान प्रोग्राम के दौरान बोल रहे थे।

कार्यक्रम में उनके बयान से जुड़े वायरल वीडियो में वह कहते नजर आए, 'गुजरात में प्रतिबंध है। आपको पता है...पर सबसे ज्यादा दारू पीने वाले लोग गुजरात में हैं। कौन रहता है वहां...ये उद्योग, धंधे, मेहनत करने वाले लोग हैं...मजदूर हैं, ये सारे क्या करें? अब कहां से आता है-जाता है...यह तो बाद का विषय है। मैं ये दुराग्रह से नहीं, बल्कि मन से बोलता हूं।'

केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि, 'अमरकंटक में नर्मदा के किनारे मप्र सरकार ने शराब पर प्रतिबंध लगा दिया। एक आदमी ने मुझसे कहा कि गुजरात में शराब पर प्रतिबंध है, लेकिन सबसे ज्यादा दारू पीने वाले लोग गुजरात में हैं।' दरअसल, कुलस्ते यहां पूर्व सीएम उमा भारती के शराबबंदी वाले मुहिम पर निशाना साध रहे थे।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पीएम मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि, 'जैसे स्वामी विवेकानंद का नाम नरेन्द्र था। वैसे ही, आज लोग नरेन्द्र मोदी को विवेक कहते हैं। वास्तव में मोदी आज का विवेकानंद हैं। कई बार लोग भाषा, बोली, माहौल का उपयोग जरूर करते हैं। गरीब आदमी से बड़े आदमी की शिक्षा, आवास, रहन-सहन, आवागमन की चिंता नरेन्द्र मोदी ने की है। आज दुनिया के लोग भारत की तरफ देख रहे हैं।'