पीयूष गोयल होंगे राज्यसभा में बीजेपी के नेता, थावरचंद गहलोत की लेंगे जगह

पीयूष गोयल को बीजेपी ने राज्यसभा में अपना नेता चुना है, राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे हैं

Publish: Jul 14, 2021, 10:49 AM IST

नई दिल्ली। संसद के मॉनसून सत्र से ठीक पहले बीजेपी ने राज्यसभा में अपना नेता चुन लिया है। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को बीजेपी ने संसद के ऊपरी सदन में अपना नेता बनाया है। पीयूष गोयल सदन के नेता के तौर पर थावरचंद गहलोत की जगह लेंगे। थावरचंद गहलोत को हाल ही में कर्नाटक का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। जिसके बाद पीयूष गोयल को यह ज़िम्मेदारी सौंपी गई है।  

पीयूष गोयल को सदन में नेता बनाने के पीछे सबसे बड़ा कारण सदन में उनका अनुभव है। पीयूष गोयल 2010 से ही राज्यसभा के सदस्य रहे हैं। हालांकि पीयूष गोयल सदन का नेता बनने की दौड़ में इकलौते दावेदार नहीं थे। पीयूष गोयल के साथ साथ मुख्तार अब्बास नकवी,निर्मला सीतारमण और भूपेंद्र यादव का भी नाम रेस में चल रहा था।  

यह भी पढ़ें : लोकसभा में अपना नेता बदल सकती है कांग्रेस, शशि थरूर और मनीष तिवारी हैं प्रबल दावेदार

राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे हैं। गुलाम नबी आज़ाद का राज्यसभा में कार्यकाल समाप्त होने के बाद कांग्रेस ने मल्लिकार्जुन खड़गे को अपना नेता चुना था। वहीं मॉनसून सत्र से पहले कांग्रेस लोकसभा में अपना नेता बदल सकती है। लोकसभा में अधीर रंजन चौधरी की जगह शशि थरूर या मनीष तिवारी में से किसी एक को नेता बनाए जाने की चर्चा है। हालांकि कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में खुद राहुल गांधी के नेता प्रतिपक्ष बनने का ज़िक्र किया गया है।