प्रज्वल का भाई सूरज रेवन्ना सेक्शुअल हैरेसमेंट केस में गिरफ्तार, JDS कार्यकर्ता ने ही लगाए थे आरोप

पीड़ित युवक का दावा है कि 16 जून को JDS एमएलसी सूरज रेवन्ना ने उसे अपने फार्महाउस पर बुलाया था। यहां सूरज ने उसे जबरदस्ती चूमा, उसके होंठ और गालों को दांतों से काटा।

Updated: Jun 23, 2024, 12:42 PM IST

बेंगलुरु। कर्नाटक सेक्स स्कैंडल में फंसे JDS नेता प्रज्वल रेवन्ना के बाद अब उसके भाई सूरज रेवन्ना को भी पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। सूरज पर भी सेक्शुअल हैरेसमेंट का केस हुआ है। एक पार्टी कार्यकर्ता ने सूरज पर समलैंगिक संबंध बनाने का आरोप लगाया है।

पीड़ित युवक का दावा है कि 16 जून को JDS एमएलसी सूरज रेवन्ना ने उसे अपने फार्महाउस पर बुलाया था। यहां सूरज ने उसे जबरदस्ती चूमा, उसके होंठ और गालों को दांतों से काटा। युवक ने शनिवार को सूरज के खिलाफ हासन जिले के होलेनरसीपुरा पुलिस थाने में FIR दर्ज कराई थी। पुलिस ने सूरज के खिलाफ IPC की धारा 377, 342, 506 के तहत केस दर्ज किया है।

युवक के मुताबिक, सूरज ने उसके साथ यौन उत्पीड़न किया। इसके बाद राजनीतिक रूप से आगे बढ़ाने में मदद का भरोसा दिया। युवक ने बाद में घटना को लेकर सूरज को मैसेज किया, तो सूरज ने जवाब दिया कि चिंता मत करो, सब कुछ ठीक हो जाएगा।

हासन के पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना और सूरज रेवन्ना JDS विधायक एचडी रेवन्ना के बेटे और पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा के पोते हैं। सूरज, प्रज्वल का बड़ा भाई हैं। प्रज्वल पर कई महिलाओं से यौन उत्पीड़न का आरोप है। वे इस मामले में 24 जून तक न्यायिक हिरासत में हैं।