बिना FIR मुझे हिरासत में रखा है, लेकिन अन्नदाताओं को कुचलने वाला गिरफ्तार क्यों नहीं हुआ: प्रियंका गांधी

प्रियंका गांधी को सीतापुर के PAC गेस्ट हाउस में पिछले तीस घंटे से ज्यादा वक्त से हिरासत में रखा गया है, कांग्रेस के कार्यकर्ता भारी तादाद में सीतापुर गेस्ट हाउस के बाहर डटे हुए हैं

Updated: Oct 05, 2021, 07:40 AM IST

नई दिल्ली। लगभग तीस घंटे से पुलिस हिरासत में रखी गयीं प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री से सवाल किया है। प्रियंका का सवाल है कि किसानों के हत्यारे को पकड़ने की बजाय यूपी पुलिस ने मुझे क्यों हिरासत में रखा है। गांधी ने एक वीडियो जारी कर पूछा है कि 28 घंटे से ज्यादा का समय बीत जाने के बाद भी वे बिना किसी एफआईआर के हिरासत में हूं, लेकिन अन्नदाताओं को कुचलने वाला केंद्रीय मंत्री का बेटा बाहर आजाद घूम रहा है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने इस पर प्रधानमंत्री से जवाब मांगा है। 

प्रियंका गांधी ने अपने ट्विटर हैंडल पर कहा, 'नरेंद्र मोदी जी आपकी सरकार ने बग़ैर किसी ऑर्डर और FIR के मुझे पिछले 28 घंटे से हिरासत में रखा है।अन्नदाता को कुचल देने वाला ये व्यक्ति अब तक गिरफ़्तार नहीं हुआ। क्यों?' 

इसके अलावा प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी के नाम एक वीडियो संदेश जारी किया है। अपने वीडियो संदेश में प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी नरसंहार का वीडियो दिखाते पूछा है कि आखिर मंत्री का हत्यारा बेटा अब तक गिरफ्तार क्यों नहीं हुआ है? प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री से कहा है कि आज आप लखनऊ में आजादी का अमृत उत्सव मनाने आ रहे हैं। लेकिन इससे पहले इस वीडियो को देखिए और इस देश को बताइए कि इस मंत्री को बर्खास्त क्यों नहीं किया गया है? 

कांग्रेस महासचिव ने कहा है कि मेरे जैसा विपक्ष के नेता को आपने बिना किसी ऑर्डर, बगैर किसी एफआईआर के हिरासत में रखा है, लेकिन यह आदमी आजाद क्यों घूम रहा है? प्रियंका गांधी ने कहा कि आज जब आप मंच पर बैठे रहेंगे तो उस दौरान यह याद कीजिए कि इस देश को आजादी किसानों ने दिलाई थी। किसानों के बेटे ही सरहद पर इस देश की सुरक्षा करते हैं। किसान महीनों से त्रस्त है, अपनी आवाज उठा रहा है और आप उसे नकार रहे हैं। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज लखनऊ में 4700 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास करने वाले हैं। प्रधानमंत्री इस दौरान उत्तर प्रदेश के 75 जिलों के 75 हजार से ज्यादा लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत डिजिटल माध्यम से चाभी भी सौंपेंगे। 

प्रियंका गांधी को सोमवार सुबह यूपी पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। प्रियंका गांधी लखीमपुर खीरी में मृतक किसानों के परिजनों का दर्द बांटने जा रही थीं। लेकिन यूपी पुलिस ने मृतकों के परिजनों तक पहुंचने से प्रियंका गांधी को रोक लिया और उन्हें सीतापुर के PAC गेस्ट हाउस ले जाया गया। कांग्रेस के कार्यकर्ता भारी तादाद में गेस्ट हाउस के बाहर ही मौजूद हैं। उनका कहना है कि जब तक प्रियंका गांधी को हिरासत से रिहा नहीं किया जाता है, तब तक वे वहीं डटे रहेंगे। 

प्रियंका गांधी के भाई और कांग्रेस नेता राहुल गांधी अपनी बहन की लगातार हौसलाअफजाई कर रहे हैं। राहुल गांधी ने प्रियंका को हिरासत में लिए जाने को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। राहुल गांधी ने कहा है कि जिसे हिरासत में रखा है, वो डरती नहीं है- सच्ची कांग्रेसी है, हार नहीं मानेगी!सत्याग्रह रुकेगा नहीं।