UP में भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल नहीं हो पाएंगी प्रियंका गांधी, तबियत खराब होने के कारण अस्पताल में भर्ती

कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा शुक्रवार शाम बिहार से उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर गई। प्रियंका गांधी को यूपी के चंदौली जिले में शुक्रवार शाम को यात्रा में शामिल होना था, लेकिन, अब तबीयत खराब होने की वजह से वह नहीं आ पाएंगी।

Updated: Feb 16, 2024, 07:34 PM IST

चंदौली। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी को अस्वस्थ होने के कारण अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जिसकी वजह से वो राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के उत्तर प्रदेश पहुंचने पर उसमें शामिल नहीं हो सकेंगी। प्रियंका गांधी ने यात्रा में शामिल नहीं हो पाने पर खेद जताते हुए राहुल गांधी और सभी कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को यात्रा के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

इसके अलावा उन्होंने यह आश्वासन भी दिया कि जैसे ही उनकी तबीयत में सुधार आएगा, तो वो यात्रा में शामिल हो जाएंगी। दरअसल, राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा शुक्रवार शाम बिहार से उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर गई। प्रियंका गांधी को यूपी के चंदौली जिले में शुक्रवार शाम को यात्रा में शामिल होना था, लेकिन, अब तबीयत खराब होने की वजह से वह नहीं आ पाएंगी।

प्रियंका गांधी ने ट्विटर पर लिखा, 'मैं उत्सुकतापूर्वक भारत जोड़ो न्याय यात्रा के उत्तर प्रदेश पहुंचने का इंतजार कर रही थी, लेकिन, बीमार होने की वजह सेे मुझे हॉस्पिटल में भर्ती होना पड़ा है। जैसे ही मेरी तबीयत सुधरेगी, मैं यात्रा में शामिल होऊंगी। तब तक मैं सभी यात्रियों को अग्रिम शुभकामनाएं देती हूं। मेरे भाई राहुल और मेरे सभी सहकर्मियों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं।'

बता दें कि राहुल गांधी की अगुवाई में भारत जोड़ो न्याय यात्रा की मणिपुर से शुरू हुई थी और अब इसका समापन मुंबई में होगा। फिलहाल, यह यात्रा बिहार से उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर गई है। यात्रा 16 से 21 फरवरी तक और फिर 24 से 25 फरवरी तक राज्य में घूमेगी। कांग्रेस के अनुसार, 22 और 23 फरवरी यात्रा के लिए विश्राम के दिन हैं।