वायनाड लैंडस्लाइड पीड़ितों से मिलने पहुंचे राहुल और प्रियंका गांधी, हरसंभव मदद का दिया भरोसा

केरल के वायनाड में मंगलवार को भूस्खलन की घटना सामने आई थी। इस घटना में अब तक ढ़ाई सौ से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और कई लोग अभी भी लापता हैं।

Updated: Aug 01, 2024, 06:02 PM IST

वायनाड। केरल के वायनाड में तेज बारिश के बाद लैंडस्लाइड में मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। अबतक 276 लोगों की मौत की सूचना है।वहीं, 130 लोग अस्पताल में हैं, जबकि 240 से ज्यादा लोग आज तीसरे दिन भी लापता हैं। इसी बीच राहुल और प्रियंका गांधी लैंडस्लाइड वाले जगह पर पहुंचे और पीड़ितों से मुलाकात की।

मौसम विभाग ने आज (गुरुवार को) फिर से वायनाड में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। डिजास्टर मैनेजमेंट टीम ने फिर से कुछ जगहों पर लैंडस्लाइड का खतरा जताया है। इसके बावजूद लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी अपनी जान जोखिम में डालकर वायनाड पहुंचे और प्रभावितों से मुलाकात की। साथ ही उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। 

राहुल गांधी ने कहा कि यह वायनाड, केरल और देश के लिए एक भयानक त्रासदी है। हम यहां स्थिति का आकलन करने आये हैं। यह देखना दुखद है कि कितने लोगों ने अपने परिवार के सदस्यों और अपने घरों को खो दिया है। हम मदद करने और यह सुनिश्चित करने का प्रयास करेंगे कि बचे लोगों को उनका वाजिब हक मिले। उनमें से कई लोग स्थानांतरित होना चाहते हैं। यहां बहुत कुछ करने की जरूरत है। मैं डॉक्टरों, नर्सों, प्रशासन और स्वयंसेवकों सहित इसमें शामिल सभी लोगों को धन्यवाद देना चाहता हूं।

राहुल गांधी ने आगे कहा, 'आज मैं वैसा ही महसूस कर रहा हूं जैसा मैंने तब महसूस किया था जब मेरे पिता का निधन हुआ था। यहां लोगों ने सिर्फ एक पिता नहीं, बल्कि पूरा परिवार खो दिया है। पूरे देश का ध्यान वायनाड पर केंद्रित है। मैं वायनाड के लोगों के साथ खड़ा हूं और उनकी हरसंभव मदद के लिए तैयार हूं।'

वहीं, प्रियंका गांधी ने भी घटना पर दुख जताते हुए पीड़ितों को हरसंभव मदद का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पीड़ितों की हरसंभव मदद करने के लिए तैयार है। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के दौरे से वायनाड के लोगों में उम्मीद जगी है कि उन्हें मदद मिलेगी।