मानहानि केस में राहुल गांधी को सुल्तानपुर कोर्ट से मिली जमानत, अमित शाह के खिलाफ टिप्पणी का मामला

राहुल ने 2018 में कर्नाटक चुनाव के दौरान कहा था कि जो पार्टी ईमानदारी की बात करती है, उसका अध्यक्ष हत्या का आरोपी है।

Updated: Feb 20, 2024, 12:22 PM IST

सुल्तानपुर। अमित शाह के खिलाफ टिपण्णी मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी को बड़ी राहत मिली है। मानहानि केस में मंगलवार को राहुल गांधी को जमानत मिली। सुल्तानपुर की MP-MLA कोर्ट से जमानत मिलने के बाद राहुल ने 25-25 हजार के दो बॉन्ड भरे। इसके अलावा इतनी ही रकम के 2 लोगों ने उनकी जमानत ली।

राहुल गांधी के खिलाफ यह मामला 5 साल पहले कर्नाटक में अमित शाह के खिलाफ की गई कथित अपमानजनक टिप्पणी से जुड़ा है। राहुल गांधी ने 2018 में कर्नाटक चुनाव के दौरान कहा था कि जो पार्टी ईमानदारी की बात करती है, उसका अध्यक्ष हत्या का आरोपी है। इसके बाद सुल्तानपुर के भाजपा नेता विजय मिश्र ने 4 अगस्त 2018 को राहुल के खिलाफ मानहानि का केस दायर किया था।

कोर्ट में पेशी के लिए राहुल भारत जोड़ो न्याय यात्रा छोड़कर अमेठी से कार से सुल्तानपुर पहुंचे थे। यहां उन्होंने खुद को बेगुनाह बताया। कोर्ट से जमानत मिलने के बाहर राहुल गांधी मुस्कुराते हुए बाहर निकले। अब वे कार से ही अमेठी के फुरसतगंज लौटेंगे और अमेठी से यूपी में 5वें दिन की न्याय यात्रा शुरू करेंगे।