कैंप में दिवाली मना रहे राहुल गांधी, मजदूरों और ड्राइवर्स को दिया स्पेशल दिवाली गिफ्ट

दीपावली के अवसर पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भारत यात्रियों, कैंप में मजदूरों और ड्राइवर्स को मिठाई और चांदी के सिक्के दीपावली का गिफ्ट दिया है।

Updated: Oct 25, 2022, 11:58 AM IST

राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा तमिलनाडु के कन्याकुमारी से कश्मीर तक के लिए जारी है। हालांकि दीपावली के अवसर पर यह यात्रा तीन दिन तक के लिए रुका है। इस दौरान राहुल गांधी कैंप में ही भारत यात्रियों, मजदूरों और कंटेनर के ड्राइवर्स के साथ दिवाली मना रहे हैं। राहुल गांधी ने सभी को स्पेशल दिवाली गिफ्ट भी दिया है।

जानकारी के मुताबिक राहुल गांधी ने दिवाली के शुभ अवसर पर भारत यात्रियों, कैंप के मजदूरों और ड्राइवर्स को एक पत्र, मिठाई और चांदी के सिक्के दिए हैं। कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से इस बात की जानकारी दी है। राहुल द्वारा भेंट किए गए चांदी के सिक्के पर भारत जोड़ो यात्रा लिखा हुआ है।

पत्र में राहुल ने लिखा है कि, 'प्यारे साथियों, इस सुंदर भारत जोड़ो यात्रा में आप सभी साथ में कंधे से कंधा मिलाकर चलें- खुद में और हमारे भारत के सच्चे आदर्शो में आपका विश्वास ही नफ़रत को हराएगा और आगे का रास्ता रौशन करेगा। आपको और आपके परिवार को मेरी ओर से दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएँ। बातें नहीं, काम करो, बोलो नहीं करके दिखाओ, वादा नहीं, सबूत दो।'

उधर, कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख जयराम रमेश ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस संबोधित करते हुए कहा कि, 'आज भारत जोड़ो यात्रा का 48वां दिन है, इन 48 दिनों में 7 दिन विश्राम के दिन थे। भारत जोड़ो यात्रा 41 दिन सड़क पर थी, इन 41 दिनों में करीब 1270 KM हम पूरा कर चुके हैं। इन 48 दिनों में राहुल जी ने 4 प्रेस वार्ताओं को संबोधित किया है। इसी प्रकार हर एक राज्य में उनकी एक प्रेस वार्ता होगी। जिस मकसद के साथ भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत की गई थी, वह पूरा हो रहा है।