सोनीपत में धान के खेतों में पहुंचे राहुल गांधी, ट्रैक्टर से जुताई कर किसानों के साथ की रोपाई

राहुल गांधी दिल्ली से शिमला जाते वक्त जैसे ही सोनीपत पहुंचे, वहां उन्होंने किसानों को खेतों में काम करते देखा तो अपना काफिला रुकवा लिया। वो किसानों के बीच पहुंचे और धान की रोपाई की।

Updated: Jul 08, 2023, 09:44 AM IST

सोनीपत। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को हरियाणा के सोनीपत में किसानों के साथ खेतों में धान की रोपाई की। उन्होंने ट्रैक्टर चलाकर खेत की जुताई भी की। उन्होंने किसानों और मजदूरों के साथ खेती-किसानी पर बातचीत भी की। साथ ही किसानों के साथ बैठकर नाश्ता भी किया।

रिपोर्ट्स के मुताबिक राहुल गांधी दिल्ली से शिमला जा रहे थे। सुबह करीब 7 बजे रास्ते में उन्होंने सोनीपत के मदीना गांव में किसानों को खेतों की जुताई-रोपाई करते देखा तो अपना काफिला रुकवाया और किसानों के बीच खेत में पहुंच गए। वे सोनीपत जिले के बरोदा हलके के गांव मदीना में पहुंचे। वे यहां अपने काफिले के साथ किसान संजय के खेत में गए। 

राहुल गांधी जब खेत में गए किसान और मजूदर उस समय धान लगा रहे थे, जिनमें महिला मजदूर भी थीं। हालांकि एक बार तो महिलाएं और किसान लाव लश्कर के साथ किसी अनजान को खेतों में आता देख कर चौंक गए, क्योंकि मजदूर राहुल गांधी को दूर से पहचान नहीं पाए। नजदीक आने पर ही उनको पता चला कि उनके बीच कौन पहुंचे हैं। राहुल गांधी के देखकर सभी के चेहरों पर मुस्कान आ गई।

राहुल गांधी ने किसानों से खेतों में धान रोपाई की जानकारी ली और खुद भी मजदूरों के साथ धान रोपने लगे। साथ ही खेत में धान की रोपाई से पहले जमीन तैयार करने को ट्रैक्टर भी चलाया। इस दौरान मौके पर पहुंचे ग्रामीणों से भी उन्होंने बातचीत की। 

बता दें कि हाल ही में राहुल गांधी दिल्ली के करोल बाग की साइकिल मार्केट पहुंचे थे। उन्होंने यहां मार्केट के वर्कर्स और साइकिल व्यापारियों से बातचीत की थी। इस दौरान राहुल गांधी ने बाइक मैकेनिक्स के साथ बातचीत की और बाइक ठीक करनी सीखी। कांग्रेस पार्टी ने करोल बाग की साइकिल मार्केट पहुंचे राहुल गांधी की तस्वीरें शेयर करते हुए कहा कि यही हाथ हिंदुस्तान बनाते हैं। इन कपड़ों पर लगी कालिख हमारी खुद्दारी और शान है। ऐसे हाथों को हौसला देने का काम एक ही करता है। दिल्ली के करोल बाग में बाइक मैकेनिक्स के साथ राहुल गांधी। भारत जोड़ो यात्रा जारी है।