गांधी हिंदू थे, गोडसे हिंदुत्वादी, मैं हिंदू हूं लेकिन हिंदुत्वादी नहीं, राहुल गांधी ने बताया हिंदू और हिंदुत्व का फर्क

हिंदू वो है जो सबको गले लगाता हो, हिंदू वो है जो किसी से न डरे, हिंदू वो है जो सभी धर्मों का आदर करे,जयपुर महारैली में बीजेपी के हिंदुत्व पर बरसे राहुल गांधी

Updated: Dec 12, 2021, 08:59 AM IST

जयपुर। कांग्रेस द्वारा जयपुर में आयोजित महंगाई हटाओ महारैली में राहुल गांधी ने बड़ी बातें कही है। राहुल गांधी ने यहां मौजूद लोगों सच्चे हिंदू और दक्षिणपंथी हिंदुत्व के बीच का फर्क समझाया। राहुल गांधी ने कहा कि महात्मा गांधी हिंदू थे और गोडसे हिंदुत्वादी था। उन्होंने यह भी कहा कि मैं हिंदू हूं, लेकिन हिंदुत्वादी नहीं हूं।

राहुल गांधी ने कहा, 'आज देश के सामने कौन सी लड़ाई है और लड़ाई किसके बीच में है, ये आपको बताता हूं। जैसे दो जीवों की एक आत्मा नहीं हो सकती वैसे ही दो शब्दों का एक मतलब नहीं हो सकता। हर शब्द का अलग मतलब होता है। एक शब्द हिन्दू है और दूसरा शब्द हिंदुत्ववाद है। ये एक चीज नहीं है ये दो अलग शब्द है इसका मतलब भी अलग है। मैं हिन्दू हु लेकिन हिंदुत्ववादी नहीं हूँ।'

गांधी हिंदू थे, गोडसे हिंदुत्ववादी: राहुल गांधी

राहुल गांधी ने कहा कि, 'महात्मा गांधी हिंदू थे, गोडसे हिंदुत्ववादी था दोनों शब्दों में फर्क ये है। चाहे कुछ भी हो जाए हिन्दू सत्य ढूंढता है, चाहे मर जाए, मिट जाए, चाहे कट जाए हिंदू का रास्ता सत्य रहा है। पूरी जिंदगी वो सत्य को ढूंढने में निकाल देता है। गांधी ने किताब लिखा सत्य के साथ प्रयोग। उसी गांधी के छाती में एक हिंदुत्ववादी ने तीन गोली मारी।'

राहुल गांधी ने आगे कहा कि, 'हिंदुत्ववादी अपनी पूरी जिंदगी सत्ता को ढूंढने में लगाता है, उसे सत्य से कोई लेना देना नहीं। वह सत्ता के लिए किसी को मार देगा, किसी को काट देगा, कुछ भी कर सकता है, उसका रास्ता सत्य नहीं सत्ता रहा है। हिंदू डर के आगे एक इंच पीछे नहीं हटता है, लेकिन हिंदुत्ववादी अपने डर के सामने झुक जाता है। हिंदुत्ववादी को उसका डर डूबा देता है और इस डर से उसके दिल मे नफरत पैदा होती है, क्रोध आता है। हिंदू डर का सामना करता है उसके दिल में प्यार और शक्ति पैदा होती है। हिंदू और हिंदुत्ववादी में ये फर्क होता है।'

भारत हिंदुओं का देश है: राहुल गांधी

कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि, 'ये देश हिंदुओं का देश है हिन्दुत्वादियों का नहीं है। आज इस देश में दुःख है दर्द है तो ये काम हिन्दुत्वादियों ने किया है। देश में 2014 से हिन्दुत्वादियों का राज है, हिंदुओं का राज नहीं है। हमें एक बार फिर हिन्दुत्वादियों को बाहर निकालना है और हिंदुओं का राज लाना है। हिन्दू कौन है? जो सब से गले लगता है, सभी धर्म का आदर करता है, किसी से नहीं डरता है।'

उन्होंने आगे कहा कि, 'हिंदुत्वादी गरीबों को सताता है। आप रामायण, महाभारत, गीता और उपनिषद पढ़ो उसमें कहा लिखा है किसी गरीब को मारना है? कहाँ लिखा कमजोर को सताना है। गीता में लिखा है कि सत्य की लड़ाई लड़ो, मर जाओ कट जाओ लेकिन सत्य के लिए लड़ो। महाभारत में भगवान कृष्ण ने अर्जुन से ये नहीं कहा कि सत्ता के लिए अपने भाइयों को मारो, बल्कि ये कहा कि सत्य के लिए अपने भाईयों से लड़ो। हम हिंदू हैं, हम किसी से नहीं डरते, मौत से नहीं डरते।'