प्रियंका, तुम पीछे नहीं हटोगी, हम किसानों को जिता कर रहेंगे, राहुल गांधी ने बढ़ाया बहन का हौसला

किसानों का दर्द बांटने जा रही कांग्रेस महासचिव को पुलिस ने किया गिरफ्तार, सीतापुर पुलिस लाइन में आठ घंटे से कैद हैं प्रियंका, राहुल गांधी ने बढ़ाया बहन का हौसला

Updated: Oct 04, 2021, 07:21 AM IST

Photo Courtesy: Twitter
Photo Courtesy: Twitter

लखीमपुर खीरी। लखीमपुर खीरी किसान नरसंहार के बाद मृतक किसानों के परिजनों ने मिलने जा रहीं प्रियंका गांधी को यूपी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कांग्रेस महासचिव को हरगांव से गिरफ्तार कर पिछले आठ घंटे से सीतापुर पुलिस लाइन में कैद रखा गया है। इसी बीच राहुल गांधी ने बहन प्रियंका का हौसला बढ़ाते हुए कहा है कि प्रियंका, तुम पीछे नहीं हटोगी।

प्रियंका की गिरफ्तारी के बाद राहुल गांधी ने ट्वीट किया, 'प्रियंका, मैं जानता हूँ तुम पीछे नहीं हटोगी- तुम्हारी हिम्मत से वे डर गए हैं। न्याय की इस अहिंसक लड़ाई में हम देश के अन्नदाता को जिता कर रहेंगे।' 

गिरफ्तारी से पहले रविवार देर रात प्रियंका गांधी लखनऊ से लखीमपुर खीरी के लिए निकली थीं। लेकिन यूपी पुलिस ने जब उन्हें लखीमपुर जाने से रोका तब वे पैदल ही लखीमपुर खीरी के लिए निकल पड़ीं। थोड़ी दूर पैदल चलने के बाद प्रियंका एक गाड़ी में बैठकर आगे के सफर के लिए रवाना हो गईं। इस दौरान सीतापुर में पुलिस ने उन्हें रोक लिया और उनके साथ दुर्व्यवहार किया। इस दौरान प्रियंका का रौद्र रूप भी देखने को मिला। उन्होंने यूपी पुलिस को कहा कि, 'मुझे गिरफ्तार करना है तो गिरफ्तार करो, लेकिन ये जो आप जबरन घेरने की कोशिश कर रहे हो, और धकेल रहे हो, उसके लिए आपके ऊपर अपहरण और प्रताड़ना का मुकदमा दर्ज करवा सकती हूं।'

यह भी पढ़ें: Lakhimpur Kheri Live Updates: योगी सरकार ने पंजाब सरकार को लिखी चिट्ठी, पंजाब के लोगों को लखीमपुर पहुंचने से रोकने की अपील की

प्रियंका गांधी पिछले करीब आठ घंटे से हिरासत में हैं। पुलिस ने बिना कारण बताए उन्हें गिरफ्तार कर रखा है। प्रियंका को जिस कमरे में रखा गया वह काफी गंदा भी है। प्रियंका का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें वह खुद ही रूम की साफ सफाई कर रही हैं। सोशल मीडिया पर लोग उत्तर प्रदेश के कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि जब योगी राज में उत्तर प्रदेश पुलिस प्रियंका गांधी जैसी बड़ी नेता के साथ ऐसा बर्ताव कर सकती है, तब राज्य की आम महिलाएं यूपी में खुद को कैसे सुरक्षित महसूस करती होंगी? 

बता दें कि प्रियंका गांधी को लखीमपुर खीरी जाता देख उत्तर प्रदेश के अन्य नेताओं ने भी लखीमपुर खीरी जाने की ठानी। इस दौरान भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आज़ाद को भी पुलिस ने सीतापुर में गिरफ्तार कर लिया। जबकि बीएसपी नेता सतीश मिश्रा को उनके लखनऊ स्थित घर में ही हाउस अरेस्ट कर लिया गया। उधर समाजवादी पार्टी के नेता व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव उनके चाचा शिवपाल यादव को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

यह भी पढ़ें: प्रियंका गांधी को पुलिस ने किया गिरफ्तार, मृतक किसानों के परिजनों से मिलने जा रही थीं प्रियंका

दरअसल, रविवार को लखीमपुर खीरी में एक कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी के बेटे ने प्रदर्शन कर रहे किसानों को गाड़ी से रौंद दिया। इस दौरान चार किसानों समेत आठ लोगों की मौत हो गई। वहीं कई किसान घायल हो गए। किसानों की दर्दनाक मौत की खबर लगते ही कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने तत्काल ही लखीमपुर खीरी के लिए निकल गईं थीं। इसके अलावा छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल और पंजाब के डिप्टी सीएम रंधावा को भी वहां पहुंचना था। लेकिन लखनऊ में उनकी फ्लाइट को आने से रोक दिया गया है।