राहुल गांधी का वाराणसी में विशाल रोड शो, बोले- भारत मोहब्बत का देश है, नफरत का नहीं

यात्रा के दौरान वाराणसी के ‘सर्व सेवा संघ’ के सामने राहुल का काफिला रुका था। करीब 6 महीने पहले रेलवे ने इस एतिहासिक इमारत पर कब्जा कर लिया था।

Updated: Feb 17, 2024, 07:07 PM IST

वाराणसी। राहुल गांधी की अगुवाई में कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा 35वें दिन वाराणसी पहुंची। उत्तर प्रदेश में आज यात्रा का दूसरा दिन है। राहुल गांधी ने यहां विश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन किए। साथ ही गोदौलिया चौराहे पर एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने GST और महंगाई को लेकर केंद्र पर निधाना भी साधा।

न्याय यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने भीड़ से राहुल नाम के लड़के को बुलाकर अपने बगल में बैठाया। उससे फीस और नौकरी को लेकर बात की। इस दौरान छात्र ने बताया कि उसके तीन साल की बैचलर्स डिग्री पांच साल में पूरे हुए। वह पांच वर्षों से नौकरी की तैयारी कर रहा है लेकिन नौकरियां नहीं मिलती। कुछ हजार पदों पर वैकेंसी निकाली जाती है और लाखों लोग उसके लिए आवेदन करते हैं।

यात्रा के दौरान वाराणसी के ‘सर्व सेवा संघ’ के सामने राहुल का काफिला रुका था। यह जगह राजघाट पुल के पास है। करीब 6 महीने पहले रेलवे ने इस एतिहासिक इमारत पर कब्जा कर लिया था। यह स्थान महात्मा गांधी-जेपी-विनोबा की विरासत कहा जाता है। सर्व सेवा संघ ने 1960 में रेलवे से 13 एकड़ जमीन खरीद कर इसे बनवाया था। यहां महात्मा गांधी से जुड़े दुर्लभ प्रकाशन और तस्वीरें संजो कर रखी गई थीं। जो अब हटा दी गई हैं। अब इस जमीन पर रेलवे का कब्जा है।

राहुल गांधी ने कहा कि BJP-RSS के लोग भी कई जगह मिले, लेकिन पूरी यात्रा में मुझे नफरत कहीं नहीं दिखी। भारत मोहब्बत का देश है, नफरत का नहीं। देश तभी मजबूत होता है, जब सभी एकजुट होकर काम करते हैं। हमने 4,000 किलोमीटर की 'भारत जोड़ो यात्रा' की। यात्रा के दौरान किसान, मजदूर, छोटे व्यापारी और महिलाएं मिलीं। उन सबने मुझसे मिलकर अपनी पीड़ा बताई।

राहुल ने GST को लेकर केंद्र को घेरते हुए कहा कि देश में अरबपति भी उतना ही टैक्स दे रहा है, जितना गरीब देता है। इसलिए हमने भारत जोड़ो यात्रा में न्याय शब्द जोड़ दिया। उन्होंने कहा कि देश में 2 भारत हैं। एक अरबपति वाला, एक गरीब वाला। मीडिया को लेकर उन्होंने कहा कि ये सारे चैनल अडानी जी, अंबानी जी के हैं। ये किसान, मजदूर, गरीबों के बारे में कभी नहीं दिखाएंगे। हिंदुस्तान की मीडिया मोदी जी को 24 घंटे दिखाएगी। अमिताभ बच्चन को दिखाएगी। लेकिन असल मुद्दे को नहीं दिखाना है।

बताया जा रहा है कि समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव रायबरेली में कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होंगे। यह यात्रा मणिपुर से 14 जानकारी को शुरू हुई थी। यात्रा का आखिरी पड़ाव मुंबई में है। इस दौरान यात्रा 15 राज्यों से होते हुए करीब 6,700 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।