राज्यसभा चुनाव की घोषणा, 15 राज्यों की 56 राज्यसभा सीटों पर 27 फरवरी को होगा मतदान

चुनाव आयोग जिन 56 सीटों पर चुनाव करा रहा है, उनमें सबसे ज्यादा 10 सीटें UP की हैं। इसके अलावा महाराष्ट्र-बिहार की 6-6 सीटों और मध्य प्रदेश-पश्चिम बंगाल की 5-5 सीटों पर मतदान होगा।

Updated: Jan 29, 2024, 05:34 PM IST

नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने 56 राज्यसभा सीटों पर चुनाव तारीखों का ऐलान कर दिया। 15 राज्यों की 56 राज्यसभा सीटों पर 27 फरवरी को चुनाव होगा। चुनाव आयोग ने बताया कि इन 56 राज्यसभा सांसदों का कार्यकाल अप्रैल 2024 में खत्म होना है। इनपर 27 फरवरी को सुबह 9 बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा। नामांकन की आखिरी तारीख 15 फरवरी है।

56 सीटों में से सबसे ज्यादा 10 उत्तर प्रदेश की हैं। इसके अलावा महाराष्ट्र-बिहार की 6-6 सीटें हैं। जबकि मध्य प्रदेश-पश्चिम बंगाल की 5-5 सीटें हैं। मध्य प्रदेश में भाजपा के अजय प्रताप, कैलाश सोनी, धर्मेन्द्र प्रधान और एल.मुरुगन का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। वहीं, कांग्रेस के राजमणि पटेल कांग्रेस का कार्यकाल भी पूरा हो रहा है।

इस बार भी मध्य प्रदेश में चार सीट भाजपा के खाते में जबकि एक सीट कांग्रेस के खाते में जाएगी। कांग्रेस के राजमणि पटेल ओबीसी वर्ग से आते हैं और ऐसे में माना जा रहा है कि कांग्रेस इस बार भी ये सीट प्रदेश के किसी ओबीसी नेता को राज्यसभा भेजेगी। चूंकि, हाल के दिनों में कांग्रेस ओबीसी वर्ग को साधने की जुगत में है। 

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भी लगातार जातीय जनगणना और ओबीसी आरक्षण की बात कर रहे हैं। कांग्रेस से राज्यसभा के लिए रेस में पूर्व पीसीसी चीफ अरुण यादव और कमलेश्वर पटेल का नाम आगे चल रहा है।