गुजरात के वडोदरा में भीषण सड़क हादसा, 11 की मौत, 17 घायल

दुर्घटना वाघोडिया क्रॉसिंग पर तड़के 3 बजे हुई, घायलों को इलाज के लिए वडोदरा के सायाजी राव गायकवाड़ अस्पताल में भर्ती कराया गया है

Updated: Nov 18, 2020, 05:38 PM IST

Photo Courtesy: India TV
Photo Courtesy: India TV

वडोदारा। गुजरात के वडोदरा में ट्रक और टेम्पो की टक्कर में 11 लोगों की मौत हो गई और 17 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों में 5 महिलाएं और 1 बच्चा शामिल है। घटना वडोदरा के पास वाघोडिया क्रॉसिंग पर हुई है। टक्कर इतनी भयंकर थी कि एक ट्रक के परखच्चे उड़ गए।

ये भयानक दुर्घटना वाघोडिया क्रॉसिंग हाइवे पर तड़के 3 बजे हुई। बताया जा रहे है कि ये सभी लोग दर्शन के लिए पंचमहाल जिले के पावागढ़ जा रहे थे। बताया जा रहा है कि मिनी ट्रक के चालक ने नियंत्रण खो दिया और ट्रक को टक्कर मार दी। हादसे की सूचना मिलते ही जिले के तमाम आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जाहिर किया है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा है, 'वड़ोदरा में हुई दुर्घटना से दुखी हूं। मेरी सांत्वना उन लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया। प्रार्थना है कि घायल जल्द से जल्द ठीक हो जाएं। प्रशासन दुर्घटनास्थल पर हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है।'

 

गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने भी हादसे पर दुख जाहिर करते हुए ट्वीट किया है। उन्होंने कहा है, 'वडोदरा के पास एक सड़क दुर्घटना के कारण हुई मौत से दुखी हूं। अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। जो लोग घायल हुए हैं उनके जल्द से जल्द ठीक होने की कामना करता हूं। मैं दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं। ओम शांति।'

जानकारी के मुताबिक, दमकल विभाग की टीम ने घायलों को ट्रक से बाहर निकाला। घायलों को इलाज के लिए वडोदरा के सायाजी राव गायकवाड़ अस्पताल में भर्ती कराया गया है।