दक्षिण अफ्रीका से महाराष्ट्र लौटा शख्स हुआ कोरोना से संक्रमित, आइसोलेशन सेंटर भेजा गया संक्रमित

ठाणे जिले का रहने वाला एक व्यक्ति बीते सप्ताह केपटाउन से दिल्ली लौटा था, भारत लौटने पर उसे बुखार की शिकायत हुई, जिसके बाद उसने कोरोना टेस्ट करवाया, टेस्ट में उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई

Updated: Nov 29, 2021, 03:46 AM IST

मुंबई। महाराष्ट्र के ठाणे में दक्षिण अफ्रीका से भारत लौटा एक व्यक्ति कोरोना से संक्रमित पाया गया है। कोरोना से संक्रमित शख्स बीते हफ्ते ही भारत लौटा है। उसके शरीर में कोरोना संक्रमण की पुष्टि होने के बाद उसे ठाणे के ही आइसोलेशन सेंटर भेज दिया गया है। हालांकि व्यक्ति में अफ्रीकी वेरिएंट Omicron की पुष्टि नहीं हुई है। 

संक्रमित शख्स 24 नवम्बर को केपटाउन से दिल्ली आया था। जिसके बाद वह मुंबई होते हुए अपने पैतृक स्थान ठाणे के डोंबिली पहुंचा। डोंबिली पहुंचने पर उसे बुखार की शिकायत हुई। जिसके बाद कोरोना जांच कराने पर उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई। 

अफ्रीका से भारत लौटे व्यक्ति के कोरोना से संक्रमित होने की खबर ने प्रशासन को सकते में डाल दिया। जिसके बाद कल्याण डोंबिली म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन ने संक्रमित व्यक्ति को आर्ट गैलरी आइसोलेशन सेंटर में भर्ती करा दिया। संक्रमित व्यक्ति में अभी तक omicron वेरिएंट की पुष्टि नहीं हुई है, उसके सैंपल को जीनोम सैंपलिंग के लिए मुंबई भेजा जाएगा जिसके बाद omicron वेरिएंट के बारे में जानकारी सामने आ सकेगी। 

वहीं संक्रमित व्यक्ति के भाई की रिपोर्ट निगेटिव आई है। संक्रमित शख्स का पूरा परिवार इस समय होम आइसोलेशन में है। परिवार के सभी सदस्यों की भी कोरोना जांच कराई गई है। उनकी कोरोना रिपोर्ट आने का अभी इंतजार किया जा रहा है। 

दूसरी तरफ ठाणे के ही एक वृद्धाश्रम में कोरोना का बड़ा विस्फोट हुआ है। वृद्धाश्रम में करीब 55 बुजुर्ग कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं। चिंताजनक बात यह है कि संक्रमित होने वाले सभी बुजुर्ग कोरोना की दूसरी डोज ले चुके थे।