Cyclone Taukte Live: और ज्यादा खतरनाक हुआ ताउते तूफान, पांच राज्यों में 11 लोगों की हुई मौत

ताउते तूफान ने पकड़ी रफ्तार, कई राज्यों में भारी बारिश, शाम तक गुजरात से टकराएगा तूफान, महाराष्ट्र में एनडीआरएफ की 12 टीमें तैनात

Updated: May 17, 2021 04:18 AM IST

केरल, कर्नाटक और गोवा के तटीय इलाकों में तबाही मचाने के बाद चक्रवात ताउते अब उत्तर गुजरात की ओर बढ़ रहा है। ताउते तूफान को लेकर मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने कहा है कि अगले 24 घंटे में यब तूफान बेहद खतरनाक रूप ले सकता है। यह तूफान बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील हो जाएगा। तूफान की वजह से कई राज्यों में जोरदार बारिश हो रही है। पांच राज्यों में अबतक 11 लोगों की मौत की खबर है।

मुंबई एयरपोर्ट पर सभी ऑपरेशन बंद

चक्रवाती तूफान ताउते का खतरनाक रूप को देखते हुए मुंबई एयरपोर्ट पर सभी ऑपरेशन 17 मई सुबह 11 बजे से दो बजे तक के लिए बंद कर दिया गया है। इस दौरान मुंबई एयरपोर्ट से न कोई विमान उड़ान भरेगी और न ही किसी विमान का लैंडिंग होगा। इतना ही नहीं तूफान की वजह से मुंबई में आज वैक्सीनेशन को भी रोक दिया गया है।

 

 

पांच राज्यों में अबतक 11 लोगों की मौत

अरब सागर में उठे इस चक्रवात ने तटीय राज्यों में भारी तबाही मचाया है। देश के पांच राज्यों में इस तूफान की वजह से अबतक 11 लोगों के मौत की खबर है। आज थोड़े देर बाद यह तूफान गुजरात से टकरा सकता है। इस दौरान इसकी गति 185 किलोमीटर प्रतिघंटे तक हो सकती है। गुजरात के तटीय इलाकों से करीब डेढ़ लाख लोगों को शिफ्ट किया गया है।

मुंबई की ओर तेजी से बढ़ रहा तूफान

चक्रवाती तूफान ताउते 18 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से मुंबई की ओर बढ़ रहा है। फिलहाल ये मुंबई से करीब 200 किलोमीटर और गुजरात से 400 किलोमीटर दूर है। महाराष्ट्र में इस तूफान से निपटने के लिए एनडीआरएफ की 12 टीमें लगाई गईं हैं। तूफान का सबसे ज्यादा प्रभाव गुजरात पर पड़ सकता है, इसीलिए अकेले गुजरात मे एनडीआरएफ की 50 टीमें तैनात हैं।

गोवा में पूरे दिन होगी बारिश - मौसम विभाग

मौसम विभाग ने बताया है कि चक्रवाती तूफान ताउते दोपहर बाद उत्तर पश्चिम दिशा की ओर बढ़ने की संभावना है। विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि गोवा में आज पूरे दिन जोरदार बारिश और आंधी जारी रहेगी।

गोवा तट से टकराया चक्रवाती तूफान

चक्रवाती तूफान ताउते के गोवा तट से टकराने की खबर है। राजधानी पणजी से तूफान की कई तस्वीरें सामने आई है। 

हर संभव मदद करें कांग्रेस कार्यकर्ता- राहुल गांधी

चक्रवाती तूफान के कहर को देखते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे लोगों की मदद करें। राहुल गांधी ने ट्वीट किया, 'चक्रवात तौकते मज़बूत हो रहा है। सभी सुरक्षा नियमों का पालन करें। कांग्रेस साथियों से अपील है कि हर संभव सहायता करें।' 

एयरफोर्स के 18 हेलीकॉप्टर तैनात

ताउते तूफान के खतरे को भांपते हुए इंडियन एयरफोर्स ने अपने 16 मालवाहक विमान और 18 हेलीकॉप्टर प्रायद्वीपीय भारत में तैनात कर दिए हैं। वायुसेना ने बताया कि अगले कुछ दिन तटीय इलाकों में कोविड-19 राहत अभियान पर ध्यान केंद्रित करने का फैसला किया है क्योंकि खराब मौसम की वजह से बाद में इन इलाकों में अभियान प्रभावित हो सकता है।

अबतक 6 लोगों की हुई मौत

ताउते तूफान ने देश में अपना कहर बरपाना शुरू कर दिया है। जानकारी के अनुसार इस तूफान की वजह से अबतक कम से कम 6 लोगों की मौत हुई है। मृतकों में दो लोग केरल तथा चार लोग कर्नाटक के बताए जा रहे हैं।

महाराष्ट्र में हाई अलर्ट, शिफ्ट किए गए कोरोना मरीज

ताउते तूफान के खतरे को भांपते हुए मौसम विभाग ने महाराष्ट्र में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। विभाग ने राज्यभर में भारी बारिश और आंधी तूफान की चेतावनी दी है। इधर राजधानी मुंबई में समुदृ से सटे कोविड-19 डेडिकेटेड अस्पतालों से करीब 580 कोरोना मरीजों को दूसरे जगहों पर शिफ्ट किया गया है।