जल्द शादी के बंधन में बंधेंगे तेजस्वी यादव, गुरुवार को दिल्ली में होगी सगाई

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव 9 दिसंबर को सगाई करेंगे, इस दौरान पूरा लालू परिवार मौजूद रहेगा

Publish: Dec 08, 2021, 04:16 AM IST

पटना/नई दिल्ली। आरजेडी नेता तेजस्वी यादव जल्द ही शादी के बंधन में बंधने वाले हैं। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव गुरुवार को दिल्ली में सगाई करने वाले हैं। मीडिया रिपोर्ट्स में लालू परिवार के सूत्रों के हवाले से तेजस्वी यादव की सगाई का दावा किया जा रहा है। 

रिपोर्ट्स के मुताबिक तेजस्वी यादव 9 दिसंबर को दिल्ली में सगाई करेंगे। हालांकि अब तक तेजस्वी यादव की दुल्हन की जानकारी सामने नहीं आई है। इस वक्त पूरा लालू परिवार दिल्ली में ही मौजूद है। 

तेजस्वी यादव की सगाई की सारी तैयारियां शुरू हो गई हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सगाई में पूरा लालू परिवार मौजूद रहेगा। लालू यादव, राबड़ी देवी, मीसा भारती और तेज प्रताप यादव भी इस वक्त दिल्ली में ही मौजूद हैं। सगाई में लगभग 50 मेहमानों के शामिल होने की संभावना है। 

तेजस्वी यादव नौ भाई बहनों में सबसे छोटे हैं। तेजस्वी यादव ने अपने करियर की शुरुआत बतौर क्रिकेटर की थी। आईपीएल में वे दिल्ली डेयरडेविल्स टीम के हिस्सा भी थे। लेकिन जल्द ही उन्होंने क्रिकेट छोड़ अपने पिता की राजनीतिक विरासत संभालने का फैसला किया। 

तेजस्वी यादव को लालू यादव के राजनीतिक उत्तराधिकारी के तौर पर देखा जाता है। 2015 में महागठबंधन की सरकार बनने के बाद तेजस्वी यादव को बिहार सरकार में उपमुख्यमंत्री बनाया गया था। वे दो साल तक बिहार के उपमुख्यमंत्री रहे। 2020 में बिहार विधानसभा चुनावों में महागठबंधन की कमान तेजस्वी यादव के हाथों में थी। जिसमें आरजेडी सबसे बड़ी पार्टी बन कर उभरी। हालांकि नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए अपनी सत्ता बचाने में कामयाब हो गए।