दो दुल्हनों से एक ही मंडप पर युवक ने रचाई शादी, चार साल से दोनों लड़कियों को कर रहा था डेट

वी अर्जुन नामक युवक सुरेखा और उषा रानी नामक दोनों युवतियों से प्रेम करता था, युवक ने दोनों को पहले शादी के लिए मनाया, काफी मशक्कत के बाद लड़कियों के घर वाले भी मान गए

Publish: Jun 20, 2021, 07:45 AM IST

हैदराबाद। तेलंगाना में हुई एक शादी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। शादी चर्चा का विषय इसलिए बनी हुई है क्योंकि यहां एक ही मंडप पर एक युवक ने एक साथ दो दुल्हनों से शादी रचाई है। सबसे मजेदार बात यह कि खुद दोनों लड़कियों ने युवक से शादी करने के लिए अपने अपने घर वालों को मनाया। युवक का भी कहना था कि चूंकि वह दोनों लड़कियों से प्रेम करता है, इसलिए वो एक ही साथ दोनों से शादी करना चाहता है। 

मामला तेलंगाना के उत्नुर अंचल के घनपुर गांव का है। इस अनोखी शादी की खबर सुनकर आसपास के लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। सभी एक ही युवक को दो दुल्हनों की शादी देखने आए थे। यह शादी 14 जून को हुई है। 

यह भी पढ़ें : प्रेमिका की सगाई कहीं और ठीक होने पर युवक ने मारी प्रेमिका को गोली, खुद भी कर ली आत्महत्या

चार साल से दोनों युवतियों को डेट कर रहा था दूल्हा 

अनोखी शादी करने वाले दूल्हे का नाम वी अर्जुन है। वी अर्जुन बीएड की डिग्री हासिल करने के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान उसे एक ही कॉलेज में पढ़ने वाली दो युवतियों से प्यार हो गया। युवक उषा रानी और सुरेखा नामक दोनों युवतियों को एक ही साथ डेट करता रहा। युवक पिछले चार सालों से दोनों को डेट कर रहा था। 

बड़ी मुश्किल से राज़ी हुए लड़कियों के घर वाले 

लंबे समय से लड़कियों को डेट कर रहे वी अर्जुन को उसके घर वाले शादी करने का दबाव डालने लगे। इसके बाद वी अर्जुन ने सारी बात अपने घर वालों को बताई। वी अर्जुन के घर वाले इस शादी के लिए राज़ी हो गए। सबसे पहले युवक ने अपनी दोनों प्रेमिकाओं को मनाया। लेकिन सबसे ज़्यादा कठिनाई युवतियों को अपने अपने घर वालों को मनाने में हुई। 

यह भी पढ़ें : रानी लक्ष्मीबाई के नाम पर रखा जाए ग्वालियर शहर का नाम, कांग्रेस नेता सज्जन सिंह वर्मा ने उठाई मांग

हालांकि काफी मशक्कत के बाद दोनों युवतियों के घर वाले एक ही युवक से शादी के लिए राज़ी हो गए। युवतियों के घर वालों की रजामंदी के बाद आखिरकार वी अर्जुन दोनों के साथ शादी कर पाया। यह अनोखी शादी सोशल मीडिया पर काफी चर्चा का विषय बनी हुई है। लेकिन युवक जिस समुदाय से आता है, वहां पर ऐसी शादियां होना आम है।