तीसरा टर्म सत्ता भोग के लिए नहीं, विकसित भारत बनाने के लिए मांग रहा, भाजपा के अधिवेशन में पीएम मोदी

भाजपा का कार्यकर्ता साल के हर दिन, 24 घंटे देश की सेवा के लिए कुछ न कुछ करता ही रहता है. लेकिन अब अगले 100 दिन नई ऊर्जा, नई उमंग, नया उत्साह, नया विश्वास और नए जोश के साथ काम करने के हैं: नरेंद्र मोदी

Updated: Feb 18, 2024, 04:05 PM IST

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन का आज दूसरा दिन है। दिल्ली मंडपम में आयोजित इस अधिवेशन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि तीसरा टर्म मैं सत्ता भोग के लिए नहीं बल्कि विकसित भारत बनाने के लिए मांग रहा हूं। लोकसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता साल के हर दिन, 24 घंटे देश की सेवा के लिए कुछ न कुछ करता ही रहता है। लेकिन अब अगले 100 दिन नई ऊर्जा, नई उमंग, नया उत्साह, नया विश्वास और नए जोश के साथ काम करने के हैं।

पीएम मोदी ने अपने भाषण के शुरूआत में जैन मुनि विद्यासागर जी महाराज को याद करते हुए कहा, 'आज मैं देशवासियों की तरफ से संत शिरोमणि आचार्य श्री 108 पूज्य विद्यासागरजी महाराज को आदरपूर्वक नमन करते हुए श्रद्धांजलि देता हूं। उनके समाधिस्थ होने की सूचना मिलने के बाद अनुयायी और हम सभी शोक में हैं। मेरे लिए यह व्यक्तिगत क्षति जैसा है। बरसों तक मुझे व्यक्तिगत रूप से अनेक बार उनसे मिलने का अवसर मिला। कुछ दिन पहले मैंने प्रवास कार्यक्रम को बदलकर सुबह सुबह उनके पास पहुंचा। तब पता नहीं था कि मैं दोबारा उनसे नहीं मिलूंगा। मुझसे जुड़ी शायद ही ऐसी कोई कोई महत्वपूर्ण घटना नहीं होगी, जो उन्हें पता न हो। 24 घंटे के भीतर-भीतर एनालिसिस करके मुझे उनका संदेश आता था।'

लोकसभा चुनाव को लेकर पीएम मोदी ने कहा, 'आज 18 फरवरी है। देश के नए युवा जो 18 वर्ष के हुए हैं, वो 18वीं लोकसभा का चुनाव करेंगे। अगले 100 दिन हर नए वोटर, हर लाभार्थी, हर वर्ग-हर समाज, हर एक तक पहुंचना है। सबका विश्वास हासिल करना है। सबका प्रयास होगा देश की सेवा के लिए सबसे ज्यादा सीटें भी भाजपा को ही मिलेंगी। कल पदाधिकारियों के साथ बैठने का मौका मिला। नड्डाजी, उनकी टीम और आप सबको बधाई देता हूं। सालभर के काम की रिपोर्टिंग सुन रहा था, तब इतना प्रभावित हुआ कि भाजपा के कार्यकर्ता सत्ता में रहने के बाद भी समाज के लिए इतना करते हैं। संकटों के बीच भी काम करते हैं। सिर्फ और सिर्फ भारत मां की जय के लिए करते हैं। 2 दिन की चर्चा देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए हमारे संकल्प को दृढ़ करने वाली बातें हुई हैं।'

पीएम मोदी ने आगे कहा, 'पिछले 10 साल में भारत ने जो गति हासिल की है। बड़े लक्ष्यों को हासिल करने का जो हौसला पाया है, वो अभूतपूर्व है। ये मैं नहीं, पूरी दुनिया गाजेबाजे के साथ बोल रही है। हर देशवासी को एक बड़े संकल्प के साथ जोड़ दिया है। ये संकल्प है विकसित भारत का। अब देश ना छोटे सपने देख सकता है और ना छोटे संकल्प ले सकता है। सपने भी विराट होंगे और संकल्प भी विराट होंगे। हमें भारत को विकसित बनाना है। अगले 5 साल में भारत को पहले से भी कई गुना तेजी से काम करना है। अगले 5 साल में हमें विकसित भारत की तरफ एक लंबी छलांग लगानी है।'

उन्होंने कहा, सीसारे लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए पहली शर्त है- सरकार में भाजपा की जोरदार वापसी। आज विपक्ष के नेता भी एनडीए सरकार 400 पार के नारे लगा रहे हैं। एनडीए को 400 पार कराने के लिए भाजपा को 300 का माइलस्टोन पार करना होगा। कई बार लोग मुझसे कहते हैं कि अरे मोदीजी आपने इतना तो कर लिया, जो बड़े संकल्प थे वो पूरे कर लिए और अब क्यों इतनी भागदौड़? पूरा देश मानता है कि 10 साल का कार्यकाल और 25 करोड़ लोगों को बेरोजगारी से बाहर निकालना सामान्य उपलब्धि नहीं है। हमने देश को महाघोटालों और आतंकी हमलों से मुक्ति दिलाई है। गरीब और मिडिल क्लास का जीवन बेहतर करने का काम किया है।'

पीएम मोदी ने आगे कहा, 'अभी हमें देश के लिए, कोटि-कोटि भारतीयों का जीवन बदलने के लिए बहुत कुछ हासिल करने का संकल्प है। बहुत से निर्णय अभी बाकी हैं। आज भाजपा युवा शक्ति, नारी शक्ति, गरीब और किसान की शक्ति को विकसित भारत के निर्माण की शक्ति बना रही है। पहले लोगों को लगता था कि सरकारें बदलती हैं, व्यवस्था नहीं बदलती। हमने सच्चे अर्थों में सामाजिक न्याय की भावना है, हर व्यवस्था को पुरानी सोच-पुरानी अप्रोच से बाहर निकाला। जिन्हें किसी ने नहीं पूछा, हमने उन्हें पूछा है और पूजा है।'