UP Crime: कानपुर में लड़की के घर में घुसकर रेप, योगी राज है या जंगल राज

Crime Against Women: कानपुर देहात में लड़की के घर में घुसे दो बदमाश, बंदूक़ की नोक पर किया रेप, आरोपियों में एक पूर्व ग्राम प्रधान भी शामिल

Updated: Oct 19, 2020, 07:19 PM IST

Photo Courtesy: NDTV
Photo Courtesy: NDTV

कानपुर। उत्तर प्रदेश में महिलाओं के ख़िलाफ़ अपराध की घटनाएँ लगातार सामने आ रही हैं। कानपुर देहात ज़िले में दो बेख़ौफ़ बदमाशों ने एक लड़की के घर में घुसकर उसका रेप कर दिया। हालाँकि बलात्कार की ये वारदात क़रीब एक हफ़्ते पुरानी है, लेकिन इसकी जानकारी अब जाकर सामने आई है। वारदात में शामिल किसी भी बदमाश की अब तक गिरफ़्तारी नहीं हुई है।

पुलिस के मुताबिक़ शिकायत दर्ज करने वाली लड़की ने आरोप लगाया है कि दो बदमाश उसके घर में घुस आए और बंदूक से डराकर उसके साथ बलात्कार किया। बलात्कार के आरोपियों में एक पूर्व ग्राम प्रधान भी शामिल है। पीड़ित लड़की का कहना है कि आरोपी उस वक्त घर में घुसे जब वह अकेली थी। वारदात को अंजाम देने के बाद वे यह कहते हुए भाग गए कि अगर इस बारे में किसी को कुछ बताया तो अंजाम बहुत बुरा होगा।

कानपुर देहात के एसपी केशव कुमार चौधरी ने मीडिया को बताया है कि डेरापुर थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई यह घटना करीब एक हफ्ते पुरानी है लेकिन पुलिस को इसकी सूचना रविवार को मिली। एसपी के मुताबिक की आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें बनाई गई हैं। इसके अलावा स्वाट टीम को भी जिम्मेदारी दी गई है। लेकिन अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।