जब मणिपुर महीनों से जल रहा है, पीएम मोदी को संसद में हंसी-मजाक करना शोभा नहीं देता: राहुल गांधी

मणिपुर में महीनों से आग लगी है, लोग मारे जा रहे हैं। दुष्कर्म हो रहा है, बच्चों को मारा जा रहा है। लेकिन प्रधानमंत्री मोदी संसद में मणिपुर पर सिर्फ दो मिनट बोले: राहुल गांधी

Updated: Aug 11, 2023, 04:43 PM IST

नई दिल्ली। विपक्ष द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसद में दिए जवाब पर शुक्रवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर सीधा हमला करते हुए कहा कि आप मणिपुर को जलाना चाहते हैं, मणिपुर का आग बुझाना नहीं चाहते। कांग्रेस नेता ने ये भी कहा कि जब गंभीर मुद्दों पर बात हो तो हंसी ठिठोली करना प्रधानमंत्री को शोभा नहीं देता।

दिल्ली के कांग्रेस मुख्यालय में प्रेस से बात करते हुए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि, 'कल प्रधानमंत्री जी ने लोकसभा में दो घंटे तेरह मिनट भाषण दिया। अंत में उन्होंने सिर्फ दो मिनट मणिपुर की बात की। मणिपुर में महीनों से आग लगी हुई है। लोग मारे जा रहे हैं। महिलाओं से साथ गैंग रेप हो रहा है, बच्चों को मारा जा रह है। आपने कल संसद में प्रधामंत्री को देखा होगा, वह हंसकर बात कर रहे थे। चुटकुले सुना रहे थे। यह उनको शोभा नहीं देता है।'

राहुल गांधी ने आगे कहा, 'अगर इस देश में हिंसा हो रही है तो हिंदुस्तान के प्रधानमंत्री को दो घंटे मजाक नहीं उड़ानी चाहिए था। विषय कांग्रेस नहीं था, विषय मैं नहीं था, विषय मणिपुर है। मणिपुर में क्या हो रहा है। उसे एकदम क्यों नहीं रोका जा रहा है यह विषय है। कल का पीएम का भाषण हिंदुस्तान के बारे में नहीं, नरेंद्र मोदी के बारे में था। उनकी राजनीति के बारे में था। प्रधानमंत्री अपने बारे में कहना चाहते हैं, 2024 में भी वे प्रधानमंत्री बनेंगे, ये बाद की बात है। ये आप किसी सभा में जाकर बोलें। संसद में मणिपुर पर चर्चा हो रही थी। उस पर वे कुछ नहीं बोले।'

राहुल गांधी ने कहा, 'केंद्र सरकार का ये कहना है कि उन्होंने मणिपुर में मशीनरी में सब चेंज कर दिया, लिहाजा सीएम को इस्तीफा नहीं देना चाहिए? मणिपुर में हजारों हथियार जो लूटे गए, वो सरकार के नीचे ही लूटे गए। जो हिंसा चल रही है, तो क्या अमित शाह ये चाहते हैं कि ये हिंसा चलती जाए। जो वहां हो रहा है, वह सीएम के रहते हुए ही तो हो रहा है।'

राहुल गांधी ने आगे कहा कि, 'मैं करीब 19 साल से राजनीति में हूं और करीब हर राज्य में, चाहे बाढ़ आए, सुनामी आए, हिंसा हो, हम जाते हैं। 19 साल के अनुभव में मैंने जो मणिपुर में देखा, वह मैंने पहले कभी नहीं देखा। मैंने संसद में कहा कि अमित शाह जी और नरेंद्र मोदी जी ने मणिपुर में भारत की हत्या की। मैं आपको समझाता हूं कि आखीर मैंने यह बात क्यों बोली थी। जब हम मणिपुर पहुंचे और मैतई इलाके में गए, हमें साफ कहा गया था कि अगर आपकी सिक्योरिटी डिटेल में कोई भी कुकी होगा, उसे आप यहां मत लाइएगा, क्योंकि हम उसको मार देंगे।' 

राहुल गांधी ने आगे बताया, 'जब हम कुकी के इलाके में गए तो हमें कहा गया कि अगर कोई मैतेई आपकी सिक्योरिटी डिटेल में होगा तो उसे आप मत लाइएगा, उसको हम गोली मार देंगे। हम जब गए, हमें मैतेई को अलग करना पड़ा। हमें कुकी को अलग करना पड़ा। मतलब मणिपुर आज एक राज्य नहीं है, दो राज्य हो गया है। राज्य की हत्या कर दी गई है और उसको चीर दिया गया है। इसीलिए मैंने बोला कि मणिपुर में बीजेपी ने हिंदुस्तान की हत्या कर दी है।'

राहुल गांधी ने आगे कहा, 'जब मैंने कल प्रधानमंत्री को देखा हंसते हुए, मजाक उड़ाते हुए। मैं समझ नहीं पा रहा था कि हिंदुस्तान का प्रधानमंत्री इस प्रकार से कैसे बोल सकता है। प्रधानमंत्री को यह पता नहीं लग रहा है कि हमारे देश में क्या हो रहा है। छोड़िए वो मणिपुर नहीं जाना चाहते हैं, उसके भी कारण हैं, मैं आपको बता नहीं सकता। अगर आप जा नहीं सकते हैं तो कम से कम मणिपुर के बारे में बोलिए। जो मणिपुर में हो रहा है उसे देश की आर्मी सिर्फ दो दिन में रोक देगी। प्रधानमंत्री मणिपुर को जलाना चाहते हैं, आग बुझाना नहीं चाहते हैं, ये सच्चाई है।'

राहुल गांधी से इस दौरान एक पत्रकार ने पूछा कि आपने 37 मिनट का भाषण दिया। 14 मिनट दिखाया गया। इस परंपरा को किस तरह देखते हैं? इसपर राहुल गांधी ने कहा कि शायद पीएम मेरा चेहरा नहीं देखना चाहते। उनको मेरा चेहरा टीवी पर अच्छा नहीं लगता। मैं जानता हूं कि उनका मीडिया पर कंट्रोल है, लेकिन मुझे अपना काम करना है। मैं अपना काम करता रहूंगा। जहां भी भारत माता पर आक्रमण होगा, वहां मैं आपको भारत मां की रक्षा करता हुआ खड़ा मिलूंगा।