Congress : रजनीश सिंह सेवादल के नए प्रदेश अध्यक्ष

रजनीश सिंह के पदभार ग्रहण समारोह में प्रदेश कांग्रेस अध्‍यक्ष कमल नाथ और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह रहे मौजूद

Publish: Jul 02, 2020, 07:36 AM IST

प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में कांग्रेस सेवादल के नवनियुक्त अध्यक्ष रजनीश सिंह ने आज अपना पदभार ग्रहण किया। रजनीश सिंह के पदभार ग्रहण समारोह में प्रदेश कांग्रेस अध्‍यक्ष कमल नाथ और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने शिरकत की।

कांग्रेस सेवादल के नवनियुक्त अध्यक्ष रजनीश सिंह ने पदभार ग्रहण करने के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते समय पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और कमल नाथ का शुक्रिया अदा किया। रजनीश सिंह ने अपने संबोधन में विशेषकर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का शुक्रिया अदा करते हुए बताया कि पिता की मृत्यु के बाद दिग्विजय सिंह ने ही मेरा ढांढ़स बढ़ाया। उन्होंने कहा कि पिता हरवंश सिंह के चले जाने के बाद मैं तुम्हारे परिवार का मुखिया हूं। सेवादल के नवनियुक्त अध्यक्ष रजनीश सिंह ने अपने संबोधन में भावुक होते हुए कहा कि जो विश्वास पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मुझमें दिखाया है, उसे अपनी मेहनत से सच कर दिखाऊंगा। राजनीति के जितने भी पाठ मैंने आपसे सीखे हैं, उन सबको कांग्रेस और सेवादल के लिए समर्पित कर दूंगा।

उपचुनाव की तैयारियों में जुटी कांग्रेस
मध्य प्रदेश में आगामी विधानसभा उपचुनावों को लेकर कांग्रेस ने कमर कस ली है। कांग्रेस पूरे ज़ोरों शोरों से उपचुनाव की तैयारियों में जुटी है। इसी क्रम में पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने रजनीश सिंह को सेवादल का अध्यक्ष नियुक्त किया है। कमलनाथ का पूरा ज़ोर संगठन को मजबूती प्रदान करने पर है।