चेतन शर्मा ने दिया इस्तीफा, स्टिंग के बाद विवादों में घिरे थे मुख्य चयनकर्ता

एक न्यूज़ चैनल ने चेतन शर्मा का स्टिंग किया था, जिसमें उन्होंने कई चौंकाने वाले खुलासे किए थे

Updated: Feb 17, 2023, 06:01 AM IST

मुंबई। स्टिंग ऑपरेशन के विवाद के बाद भारतीय पुरुष क्रिकेट के मुख्य चयनकर्ता चेतन शर्मा ने इस्तीफा दे दिया है। चेतन शर्मा ने अपना इस्तीफा बीसीसीआई के सचिव जय शाह को भेज दिया है, जिसके बाद जय शाह ने चेतन शर्मा के इस्तीफे को स्वीकार भी कर लिया है। 

हाल ही में एक न्यूज़ चैनल ने चेतन शर्मा का स्टिंग किया था जिसमें मुख्य चयनकर्ता ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए थे। चेतन शर्मा ने बताया था कि भारतीय टीम के कई खिलाड़ी 80-85 फीसदी ही फिट रहने पर टीम में जगह सुनिश्चित करने के लिए इंजेक्शन का उपयोग करते हैं। इसके साथ ही उन्होंने सौरव गांगुली और विराट कोहली विवाद के बारे में भी बताया था। 

चेतन शर्मा ने बताया था कि पूर्व कप्तान विराट कोहली और बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष सौरव गांगुली के बीच अहंकार की लड़ाई थी। सौरव गांगुली ने विराट कोहली को कप्तानी छोड़ते समय एक बार फिर अपने फैसले पर पुनर्विचार करने की सलाह दी थी। बकौल चेतन शर्मा, विराट कोहली खुद को खेल से भी बड़ा समझने लगे थे।

शर्मा के मुताबिक साउथ अफ्रीका दौरे पर जाने से पहले कोहली प्रेस कॉन्फ्रेंस में जबरन अपनी कप्तानी की बात को लेकर आए और उन्होंने यह बयान दे डाला कि टी20 की कप्तानी छोड़ते समय उनसे किसी ने इस बारे में बात नहीं की थी। बल्कि उन्हें वन डे टीम के चयन से आधे घंटे पहले बताया गया कि अब वे सीमित ओवरों में भारतीय टीम के कप्तान नहीं होंगे। 

स्टिंग में चेतन शर्मा के इस खुलासे के बाद से ही इस बात की पूरी संभावना जताई जा रही थी कि बीसीसीआई जल्द मुख्य चयनकर्ता पर कार्रवाई कर सकता है। अब चेतन शर्मा ने अपने ऊपर गाज गिरने से पहले ख़ुद ही इस्तीफा दे दिया है। पिछले साल रॉजर बिन्नी के बीसीसीआई का अध्यक्ष बनने के बाद पूरी चयन समिति को बर्खास्त कर दिया था। हालांकि बाद में चेतन शर्मा को मुख्य चयनकर्ता का पद दोबारा दे दिया गया था। लेकिन अब मुख्य चयनकर्ता का पद एक बार फिर उनके हाथ से चला गया है।