विश्व तीरंदाजी चैंपियनशिप 2023 में भारतीय बेटियों ने रचा इतिहास, महिला कंपाउंड टीम ने जीता स्वर्ण पदक

तीरंदाजी विश्व चैंपियनशिप 1981 में शुरू हुई थी लेकिन भारत हमेशा ही सिल्वर मेडल या ब्रॉन्ज ही जीतता था। इस बार भारत ने गोल्ड जीतकर इतिहास रच लिया है।

Updated: Aug 05, 2023, 02:19 PM IST

विश्व तीरंदाजी चैंपियनशिप 2023 में भारतीय बेटियों ने इतिहास रच दिया है। महिला की कंपाउंड टीम ने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया है। टीम में ज्योति सुरेखा वेन्नम, परनीत कौर और अदिति गोपीचंद स्वामी शामिल थीं। यह किसी भी वर्ग में तीरंदाजी विश्व चैंपियनशिप में भारत का पहला स्वर्ण है।

टीम की जीत पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "भारत के लिए यह गर्व का क्षण है क्योंकि हमारी असाधारण कंपाउंड महिला टीम ने बर्लिन में आयोजित विश्व तीरंदाजी चैंपियनशिप में भारत को पहला स्वर्ण पदक दिलाया। हमारे चैंपियंस को बधाई! उनकी कड़ी मेहनत और समर्पण के कारण यह उत्कृष्ट परिणाम आया है।"

वहीं, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा, "विश्व तीरंदाजी चैम्पियनशिप, 2023 में भारत की महिला शक्ति ने इतिहास रच दिया। ज्योति सुरेखा वेन्नम जी, परनीत कौर जी और अदिति गोपीचंद स्वामी जी की कम्पाउंड टीम को गोल्ड जीतने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ। ये हम सबके लिये गौरव का क्षण है। 
Chak De INDIA जय हिन्द। जय भारत।"

शुक्रवार को बर्लिन में विश्व तीरंदाजी चैंपियनशिप का फाइनल राउंड हुआ। इस दौरान भारतीय माहौल टीम ने मैक्सिको को हराकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। बता दें कि तीरंदाजी विश्व चैंपियनशिप 1981 में शुरू हुई थी लेकिन भारत हमेशा ही सिल्वर मेडल या ब्रॉन्ज ही जीतता था। इस बार भारत ने गोल्ड जीतकर इतिहास रच लिया है। साल 2017 और 2021 में रजत और 2019 में कांस्य पदक के बाद, विश्व चैंपियनशिप में कंपाउंड महिला टीम में यह भारत का लगातार चौथा पदक था।