IPL में बड़ा फेरबदल: धोनी ने छोड़ी कप्तानी, रविंद्र जडेजा को मिली CSK की कमान

महेंद्र सिंह धोनी ने एक बार फिर अपने फैसले से सबको चौंका दिया है, धोनी ने CSK की कप्तानी छोड़ दी है, खास बात ये है कि धोनी के करीबी ऑल राउंडर रविंद्र जडेजा को CSK की कमान मिली है

Updated: Mar 24, 2022, 10:32 AM IST

चेन्नई। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने एक बार फिर अपने फैसले से सभी को चौंका दिया है। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के इस सीजन में धोनी कप्तानी नहीं करेंगे। चेन्नई सुपर किंग (CSK) की कमान अब ऑल राउंडर क्रिकेटर रविंद्र जडेजा को मिली है।

चेन्नई सुपर किंग्स ने इस संबंध में एक बयान जारी कर कहा कि, 'एमएस धोनी ने चेन्नई सुपर किंग्स की कमान सौंपने का फैसला किया है और टीम का नेतृत्व करने के लिए रविंद्र जडेजा को चुना है। जडेजा 2012 से चेन्नई सुपर किंग्स का अभिन्न अंग रहे हैं, सीएसके का नेतृत्व करने वाले वे तीसरे खिलाड़ी होंगे। धोनी इस सीजन और उसके बाद भी चेन्नई सुपर किंग्स का प्रतिनिधित्व करते रहेंगे।'

बता दें कि माही की कप्तानी में चेन्नई ने 4 बार IPL का खिताब जीता है। पिछले साल भी धोनी की कप्तानी में चेन्नई ने आईपीएल का खिताब जीता था। धोनी 2008 में लीग की स्थापना के बाद से सीएसके के कप्तान रहे हैं। चेन्नई टीम ने इस बार जडेजा और धोनी समेत 4 खिलाड़ियों को रिटेन किया था। जडेजा को फ्रेंचाइजी ने 16 करोड़ रुपए में रिटेन किया था, वहीं, धोनी को इस सीजन के लिए 12 करोड़ रुपए मिले थे। पहले भी कयास लगाए गए थे कि जडेजा को कप्तान बनाया जा सकता है। उनके अलावा मोईन अली को 8 करोड़ और ऋतुराज गायकवाड़ को 6 करोड़ रुपए में रिटेन किया गया था।

पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर ने पहले ही कहा था कि अगर रविंद्र जडेजा चेन्नई सुपर किंग्स के अगले कप्तान बन सकते हैं। उन्होंने कहा था कि अगर धोनी एक दो मैच का आराम करने का फैसला करते हैं तो जडेजा को कमान संभाल सकते हैं। गावस्कर ने कहा था, ‘रविंद्र जडेजा पिछले कुछ वर्षों में एक खिलाड़ी के रूप में जिस तरह से परिपक्व हुआ है, जिस तरह से अपने खेल के संदर्भ में उन्होंने तालमेल स्थापित किया है और जिस तरह से वह मैच की परिस्थितियों के अनुसार खेलते हैं, वह लाजवाब है।'

बता दें धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स ने 12 सीजन में शानदार प्रदर्शन किया और केवल एक बार प्लेऑफ में नहीं पहुंच सकी। धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम रिकॉर्ड 9 बार फाइनल में पहुंची और चार बार खिताब अपने नाम करने में सफल हुई। साल 2021 में धोनी की कप्तानी में चेन्नई ने चौथी बार आईपीएल का खिताब जीता था। धोनी आईपीएल इतिहास के दूसरे सबसे सफल कप्तान हैं। उनसे ज्यादा खिताब रोहित शर्मा ने बतौर कप्तान जीते हैं।