कर्णम मल्लेश्वरी बनेंगी दिल्ली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की पहली कुलपति, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दी जानकारी

कर्णम मल्लेश्वरी ओलंपिक में मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला हैं, उन्होंने साल 2000 में सिडनी ओलिंपिक में वेट लिफ्टिंग में कांस्य पदक जीता था

Updated: Jun 23, 2021, 12:25 PM IST

नई दिल्ली। ओलम्पिक पदक विजेता कर्णम मल्लेश्वरी को दिल्ली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का कुलपति नियुक्त किया गया है। कर्णम मल्लेश्वरी दिल्ली स्पोर्ट्स विश्वविद्यालय की पहली कुलपति होंगी। मल्लेश्वरी से आज खुद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मुलाक़ात की। इस दौरान डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया भी मौजूद रहे। 

कर्णम मल्लेश्वरी से मुलाकात करने के बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपने ट्विटर हैंडल पर कहा, 'दिल्ली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी शुरू हो रही है। हमारा बहुत बड़ा सपना पूरा हुआ। मुझे ये कहते हुए बेहद गर्व है कि ओलम्पिक पदक विजेता कर्णम मल्लेश्वरी जी पहली कुलपति होंगी। आज उनके साथ मुलाक़ात हुई और विस्तार से चर्चा हुई।' 

कर्णम मल्लेश्वरी वेट लिफ्टिंग चैंपियन रही हैं। कर्णम मल्लेश्वरी ओलम्पिक में मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में 2000 में हुए ओलम्पिक में मेडल जीता था। कर्णम मल्लेश्वरी ने वेट लिफ्टिंग में कांस्य पदक जीता था। हालांकि वेट लिफ्टिंग में मेडल जीतने का रिकॉर्ड अब भी कर्णम के पास ही है।  

कर्णम मल्लेश्वरी मूलतः आंध्र प्रदेश की रहने वाली हैं। लेकिन काफी समय से वे हरियाणा के यमुनानगर में रह रही हैं। कर्णम को खेल जगत में उनके योगदान के लिए अर्जुन पुरस्कार और राजीव गांधी खेल रत्न से भी सम्मानित किया जा चुका है। कर्णम को पद्म श्री सम्मान से भी सम्मानित किया जा चुका है।