पैरालंपिक: शूटिंग में भारत का डबल धमाका, मनीष नरवाल ने जीता गोल्ड, सिंहराज ने जमाया सिल्वर पर कब्जा

टोक्यो पैरालंपिक के 11वें दिन शूटिंग में डबल धमाल, देश को मिला गोल्ड और सिल्वर दोनों मेडल, मनीष ने साधा गोल्ड पर निशाना तो सिंहराज के हिस्से आई सिल्वर मेडल

Updated: Sep 04, 2021, 05:59 AM IST

Photo Courtesy: Twitter
Photo Courtesy: Twitter

टोक्यो। टोक्यो पैरालंपिक के 11वें दिन शनिवार को भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। भारत ने आज शूटिंग में डबल धमाका करते हुए दो मेडल्स पर कब्जा जमाया है। इंडियन स्टार शूटर मनीष नरवाल ने 50 मीटर मिक्स्ड शूटिंग में गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया है। वहीं दूसरे भारतीय खिलाड़ी सिंहराज अधाना ने भी इसी खेल में सिल्वर मेडल जीता है।

खास बात ये है कि पैरालंपिक्‍स की मिश्रित 50 मीटर पिस्‍ट एसएच1 में भारतीय खिलाड़ी ही पहले और दूसरे स्‍थान पर रहे। मनीष नरवाल ने 218.2 स्कोर के साथ जहां गोल्ड मेडल जीता वहीं 216.7 स्कोर के साथ दूसरे नंबर पर आने वाले सिंहराज अधाना के हिस्से सिल्वर मेडल आई। पैरालंपिक में सिंहराज अधाना का यह दूसरा मेडल है। इसके पहले वे 10 मीटर एयर पिस्टल में भी ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम कर चुके हैं। 

यह भी पढ़ें: अवनि लेखरा का डबल धमाका, गोल्ड के बाद अब ब्रॉन्ज पर साधा निशाना, पैरालंपिक में देश को मिला 12वां मेडल

इसी के साथ टोक्यो पैरालंपिक में भारत को कुल 15 मेडल मिल चुके हैं। इनमें 3 गोल्ड, 7 सिल्वर और 5 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं। भारत के लिहाज से इस साल देश के खिलाड़ियों ने जबरदस्त प्रदर्शन किया है। हालांकि, वैश्विक पदक तालिका में भारत का स्थान 34वां है। टोक्यो से पहले अबतक के पैरालंपिक इतिहास में भारत ने महज 27 मेडल जीते थे।

टोक्यो पैरालंपिक्स में भारत की ओर से गोल्ड पर कब्जा जमाने वालों में अवनि लेखरा (10 मीटर एयर राइफल शूटिंग), सुमित अंतुल (जेवलिन थ्रो) और मनीष नरवाल (50 मीटर मिक्स्ड) शामिल हैं। अवनि लेखरा भी सिंहराज अधाना की तरह इस इवेंट में दो मेडल जीत चुकी हैं। गोल्ड से पहले उन्होंने 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन शूटिंग में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया था।