करोड़पति बनाने का लालच देकर महिला से 9 लाख रुपये की ठगी, आरोपियों की तलाश में जुटी बिलासपुर पुलिस

बिलासपुर के सरकंड़ा इलाके में फोन पर महिला को दिया लॉटरी के जरिए करोड़पति बनने का झांसा, पैसे भेजने का लालच देकर पूछी बैंक डीटेल्स, खाते से उड़ाए 9 लाख रुपए, पुलिस ने किया आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का दावा

Updated: May 17, 2021, 08:43 AM IST

Photo courtesy: janta se rishta
Photo courtesy: janta se rishta

बिलासपुर। सरकंडा थाना इलाके में एक महिला से कौन बनेगा करोड़पति के नाम पर 9 लाख रुपये की ठगी की गई है। महिला को कौन बनेगा करोड़पति में लाटरी लगने का झांसा दिया। और उसके खाते से 9 लाख रुपए निकाल लिए। पीड़िता ने मामले की शिकायत सरकंडा थाना पुलिस में दर्ज करवाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है, पुलिस का दावा है कि आरोपी की गिरफ्तारी जल्द कर ली जाएगी।

दरअसल फरियादी महिला के पास एक अनजान शख्स का फोन आया था, जिसने उसे कौन बनेगा करोड़पति के माध्यम से लाटरी जीतने का झांसा दिया। जालसाज आरोपी ने महिला को अपनी बातों में फंसा लिया और महिला उसकी बातों में आ गई। आरोपी ने महिला पैसे दिलाने का झांसा दिया। और उसके बैंक की सारी जानकारी हासिल कर ली।

महिला ने पुलिस को बताया कि उससे आरोपी ने जो सवाल पूछे उसने उनके जवाब दिए। उसके बाद आरोपी ने उसका बैंक खाता नंबर, और सारी जानकारी मांगी गई, वह भी उसने दे दी। महिला को अपने साथ हुई ठगी का पता तब चला जब उसके खाते से 9 लाख रुपए की रकम कटने का मैसेज आया। इसके बाद महिला ने अपने परिजनों को मामले की खबर दी और जाकर थाने में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस आरोपियों की गिफ्तारी में जुटी है। साथ ही लोगों से अपील की है कि ऐसे किसी लाटरी लगने के प्रलोभन से बचें, किसी को भी फोन पर अपना खाता नंबर ओटीपी शेयर नहीं करें।