गृहमंत्री अमित शाह का भोपाल दौरा, नए आपराधिक कानूनों पर लगी पुलिस की प्रदर्शनी का किया उद्घाटन

अमित शाह केंद्र और राज्य के पुलिस अफसरों के साथ दो घंटे बैठक भी करेंगे। भौंरी में भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (IISER) अत्रि परिसर का शिलान्यास और स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे।

Updated: Oct 03, 2026, 01:11 PM IST

भोपाल। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भोपाल दौरे पर हैं। वे शुक्रवार देर रात मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल पहुंचे। शनिवार सुबह उन्होंने भेल दशहरा मैदान में नए आपराधिक कानूनों पर लगी मध्य प्रदेश पुलिस की प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। शाह इस दौरान 11 जिलों के करीब 35 हजार गोपालकों के सम्मेलन में गोशालाओं को 101 रुपए करोड़ देने का ऐलान करेंगे। साथ ही उज्जैन में बन रहे ₹255 करोड़ के डेयरी प्लांट का वर्चुअली भूमिपूजन करेंगे।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भेल दशहरा मैदान में पुलिस की प्रदर्शनी उद्घाटन किया। उनके साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, गृह विभाग के प्रमुख सचिव संजय शुक्ला, डीजीपी कैलाश मकवाना और तीर्थ मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष विनोद गोटिया मौजूद रहे। 

शाह के दौरे को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि सहकार से संगठन और संगठन से उत्पादन हो। इसका प्रयास हमारे प्रदेश की सरकार करेगी। आने वाले समय में हम 50 लाख लीटर दूध के कलेक्शन पर पहुंचेंगे। हम सांची के माध्यम से ये दूध दे पाएंगे। आने वाले समय में हर किसान और गोपालक समृद्ध होगा।

वहीं, सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश में किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए पीएम मोदी और अमित शाह के मार्गदर्शन में सहकारिता के माध्यम से प्रयास करके दूध उत्पादन बढ़ाने का काम किया जा रहा है। साढ़े आठ करोड़ जनता के साथ 80 लाख पशुपालकों का परिवार हमारा है। 

शाह के दौरे के चलते सुरक्षा और ट्रैफिक की कड़ी व्यवस्था की गई है। बैरिकेडिंग की वजह से गाड़ियां रेंगते हुए चल रही हैं। एमपी नगर में सड़क किनारे खड़े वाहनों को हटाया गया है। रेहड़ी-खोमचे भी नहीं लगने दिए जा रहे हैं। इसका कारण सुरक्षा व्यवस्था को बताया जा रहा है।