छत्तीसगढ़ में फिर से कांग्रेस की सरकार बनते ही कराएंगे जातिगत जनगणना, प्रियंका गांधी का बड़ा ऐलान

प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी की गारंटी को चाइना माल करार देते हुए कहा कि 15 लाख नहीं आए, देश में 45 सालों में बेरोजगारी सबसे ज्यादा है, सिर्फ प्रधानमंत्री मोदी और उनके उद्योगपति दोस्त ही मौज कर रहे हैं।

Updated: Oct 06, 2023, 07:09 PM IST

कांकेर। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के कांकेर में बड़ी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने जिले के गोविंदपुर स्थित खेल मैदान में आयोजित नगरीय निकाय एवं पंचायती राज महासम्मेलन में लगभग 866 करोड़ रुपये के 518 सार्वजनिक विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और आधा दर्जन कैबिनेट मंत्री भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान जनता को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने ऐलान किया कि छत्तीसगढ़ में यदि फिर से कांग्रेस की सरकार आएगी तो हम बिहार की तरह ही यहां भी जातिगत जनगणना कराएंगे। प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी की गारंटी को चाइना माल करार देते हुए कहा कि 15 लाख नहीं आए, देश में 45 सालों में बेरोजगारी सबसे ज्यादा है, सिर्फ प्रधानमंत्री मोदी और उनके उद्योगपति दोस्त मौज कर रहे हैं।

प्रियंका गांधी ने कहा कि, 'छत्तीसगढ़ में भाजपा के शासन में हिंसा का राज था, बस्तर आने से लोग डरते थे, निर्दोष आदिवासियों को जेल में डाला दिया जाता था। कांग्रेस सरकार ने यहां के लोग और किसानों को मजबूत करने का काम किया। महात्मा गांधी से लेकर राजीव गांधी के सपने को कांग्रेस ने साकार किया। जब पंचायती राज की बात हुई तो फैसला किया गया कि गांव की बात गांव में होनी चाहिए। गांव की जरूरतों के बारे में यहां के लोग ही जानते हैं। आज आपके हाथों में सत्ता है।'

प्रियंका गांधी ने आगे कहा, 'इंदिरा जी 1972 में बस्तर में आई थी, शायद आपने वो फ़ोटो देखी होगी जिसमें वह बस्तर की महिलाओं के साथ नाच रही थी। इंदिरा जी ने उस समय जो कहा था, भूपेश बघेल आज उसे पूरा कर रहे हैं। स्वामी आत्मानंद जी के नाम से आज प्रदेशभर में विद्यालय, महाविद्यालय खोले गए हैं। यहां सरकार आपको आगे बढ़ाने का काम कर रही है। बस्तर बड़ा ब्रांड बन गया है। एशिया का सबसे बड़ा मिलेट प्लांट यहां है, इससे लोगों को रोजगार मिला, यहां दूसरी संस्कृति को थोपने का काम नहीं किया गया।'

उन्होंने आगे कहा, 'देश भर में एक किसान एक दिन में 27 रुपए कमाता है। वहीं अडानी और उनके दूसरे उद्योगपति दोस्त एक दिन में 16 सौ करोड़ रुपए कमा रहे हैं। वे जगह-जगह जाकर कहते हैं मोदी की गारंटी, 15 लाख तो किसी को नहीं मिला। करोड़ों नौकरी भी किसी को नहीं मिली। किसानों की आमदनी भी दोगुनी नहीं हुई, छ्तीसगढ आकर कांग्रेस सरकार के काम का भी श्रेय लेकर जाते हैं।'

प्रियंका गांधी ने कहा, 'कांग्रेस ने सबसे बड़ा काम आपको आपकी संपत्ति आपके हाथों में दी। किसान, गरीब, आदिवासियों को मजबूत किया। गौठान योजना से आवारा पशुओं की समस्या खत्म हुई, लोगों को रोजगार मिला। मोदी जी खोखली गारंटी देते हैं। 45 साल में सबसे ज्यादा बेरोजगारी हमारे देश में है। पांच साल और इस सरकार को मौका दीजिए।छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार फिर से आएगी तो 10 लाख आवास गरीबों को दिए जाएंगे। यहां इतना विकास हो रहा कि यहां से लोगों को कहीं नहीं जाना पड़ेगा। लोग यहां आएंगे।'