हमारे राम वोट दिलाने वाले राम नहीं हैं, वो किसी पार्टी के नहीं हो सकते: सीएम भूपेश बघेल

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि राम सर्वव्यापी हैं। कुछ लोग साकार रुप में पूजा करते हैं और कुछ निरकार रुप में मानते हैं।

Updated: Dec 18, 2022, 08:43 AM IST

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भगवान राम पर राजनीति करने वाली बीजेपी पर हमला बोला है। भूपेश बघेल ने कहा कि हमारे राम वोट दिलाने वाले राम नहीं हैं, वो किसी पार्टी के नहीं हो सकते।

रायपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि, 'कुछ लोग साकार रुप में पूजा करते हैं। और कुछ निरकार रुप में मानते हैं। वे मजदूरों के राम है। आदिवासियों के राम हैं। शबरी के राम हैं। कौशल्या के राम हैं। हमारे राम जन-जन के राम हैं, वे किसी पार्टी के राम नहीं हो सकते। हमारे राम वोट दिलाने वाले राम नहीं हैं।'

भूपेश बघेल ने भगवान राम सर्वव्यापी बताते हुए कहा कि, 'जो साकार रुप में भी उसका पूजन करते हैं और निराकार ब्रह्म के रुप में भी स्वीकार करते हैं। चाहें साकार हों या निराकार हो सभी रुपों में लोग उन्हें स्वीकार करते हैं। राम तो जन-जन के राम हैं, मजदूरों के राम हैं, शबरी के राम हैं, कौशल्या के राम हैं मेहनतकश लोगों के राम हैं। हमारे कण-कण में राम बसे हैं। ये किसी पार्टी के नहीं हैं।'

बता दें कि पठान विवाद के बाद देशभर में एक बार फिर से राम को लेकर राजनीति शुरू हो गई है। बीजेपी जहां विधानसभा चुनावों में राम के नाम पर सत्ता हासिल करना चाहती है, वहीं कांग्रेस विकास कार्यों को लेकर जनता के बीच जा रही है।