गुना जिला अस्पताल परिसर में बेकाबू हुई डॉक्टर की कार, गर्भवती महिला समेत 6 को कुचला
गुना जिला अस्पताल परिसर में बुधवार दोपहर करीब 1 बजे डॉक्टर की कार बेकाबू होकर लोगों से टकरा गई। हादसे में गर्भवती महिला, 4 महिलाओं और 2 बच्चों समेत 6 लोग घायल हो गए।
गुना। मध्य प्रदेश के गुना जिला अस्पताल परिसर में बुधवार दोपहर एक डॉक्टर की कार अचानक अनियंत्रित हो गई। कार ने वहां मौजूद लोगों को टक्कर मार दी और फिर दीवार से जा भिड़ी। हादसे में 4 महिलाओं और 2 बच्चों समेत 6 लोग घायल हो गए। घायलों में एक गर्भवती महिला भी है। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहां उनका इलाज जारी है।
हादसा बुधवार दोपहर करीब 1 बजे हुआ। अस्पताल में पदस्थ डॉ. सुभाष सोनकर अपनी कार (MP 07 ZM 6890) खुद चला रहे थे। कार अस्पताल परिसर से बाहर निकल रही थी। उस दौरान चालक का नियंत्रण बिगड़ गया। कार की चपेट में आए लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। वाहन पर मध्यप्रदेश शासन लिखा हुआ था।
यह भी पढ़ें:कोरोना वॉरियर्स की नौकरी बहाल करने की मांग, जयवर्धन सिंह ने CM मोहन यादव को लिखा पत्र
हादसे में घायल चंदन ने बताया कि वे आवन से अपनी गर्भवती बहू को सोनोग्राफी कराने जिला अस्पताल लाए थे। दोनों अस्पताल के पास खड़े थे तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। चंदन के एक पैर में पहले हुए हादसे के कारण प्लास्टर चढ़ा हुआ था। इस दुर्घटना में उनका दूसरा पैर भी फ्रैक्चर हो गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने कार को उठाकर नीचे फंसे घायलों को बाहर निकाला।
डॉ. आरएल धाकड़ के मुताबिक, डॉ. सुभाष सोनकर को गाड़ी चलाते समय चक्कर आ रहे थे। जिसके कारण कार बेकाबू हो गई थी। उनके पास खुद का ड्राइवर भी है लेकिन घटना के दिन डॉक्टर खुद कार चला रहे थे। प्रबंधन ने बताया कि घायल गर्भवती महिला की जरूरी जांच कर ली गई है और फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर है।
वहीं, मौके पर मौजूद समाजसेवी धर्मवीर सिंह ढिल्लो ने बताया कि कार की रफ्तार काफी तेज थी और चालक उसे नियंत्रित नहीं कर पाया। उन्होंने अस्पताल परिसर में वाहनों की आवाजाही और मरीजों की सुरक्षा के इंतजामों पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि इस हादसे में महिलाएं और बच्चे भी कार की चपेट में आए हैं।
यह भी पढ़ें:भोपाल में प्रदूषण और ठंड से बढ़ी रेस्पिरेटरी मरीजों की संख्या, रोज 2000 लोग पहुंच रहे अस्पताल
घायलों के परिजनों और मौके पर मौजूद लोगों ने घटना की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि जांच में यह स्पष्ट होना चाहिए कि डॉक्टर की तबीयत बिगड़ने से हादसा हुआ या वाहन चलाने में लापरवाही बरती गई। फिलहाल सभी छह घायलों का इलाज जारी है।




